संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर खरीफ फसलों के पंजीकरण का कार्य जारी है। इस बारे में कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. आदित्य डबास ने किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि जो किसान अपने खेतों में खरीफ फसलों की बुआई कर चुके हैं। वे उपरोक्त पोर्टल पर अपनी फसलों का पंजीकरण अवश्य करा लें।
फसल बिक्री के समय सरकार द्वारा केवल पोर्टल पर पंजीकृत किसान से ही खरीद की जाएगी, ऐसे में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने व फसलों को सरकार द्वारा निर्धारित दाम पर बेचने के लिए जरूरी है कि जिला के किसान पोर्टल पर अपनी बोई गई खरीफ फसल का ब्यौरा दर्ज करा उसका पंजीकरण अवश्य करवाएं।
डबास ने कहा कि किसान द्वारा पोर्टल पर दर्शाई गई फसल का भौतिक सत्यापन भी करवाया जाएगा। उन्होंने पंजीकरण के अन्य फायदों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सरकार के पास सभी किसानों का ब्यौरा आ जाने के बाद उन्हें मंडी बुलाना आसान हो जाता है।
किसानों के मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजकर बता दिया जाता है कि उन्हें मंडी में किस दिन और किस वक्त आना है। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित फसल का मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण कराना आवश्यक है।