उत्तरी व दक्षिणी हरियाणा में बिजली निगम की 23 सब डिवीजनों का निजीकरण करने के विरोध में सोमवार को बिजली कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठ गए। सब डिवीजन माडल टाउन कार्यालय के बाहर चार कर्मचारी क्रमिक अनशन पर रहे। इस दौरान कर्मचारियों ने सुबह नौ बजे लेकर शाम पांच बजे तक काम बंद रखा और अनशन पर बैठ सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। क्रमिक अनशन 11 मई तक जारी रहेगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी यदि सरकार ने किसी भी सब डिवीजन को ठेके पर देने की कोशिश की तो उसी दिन सभी दफ्तरों को बंद कर दिया जाएगा।
हरियाणा बिजली कर्मचारी ज्वाइंट एक्शन कमेटी व हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन के बैनर तले सोमवार सुबह सैकड़ों बिजली कर्मचारी माडल टाउन सब डिविजन कार्यालय पर एकत्रित हुए। निजीकरण के विरोध में एसएसए जरनैल सिंह, एलएम गोपाल कृष्ण, एलडीसी राजेश कुमार व एएलएम जयदीप सोमवार सुबह आठ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक भूख हड़ताल पर बैठे रहे। जबकि अन्य कर्मचारियों ने उनके साथ धरने पर बैठ सरकार विरोधी नारेबाजी की। क्रमिक अनशन प्रधान अशोक शर्मा व सर्कल सेक्रेट्री की अध्यक्षता में जारी रहा। इसके अलावा यूनिट प्रधान मंदीप शर्मा, जोत सिंह, अजमेर सिंह, अमरपाल, पवन हांडा व अन्य यूनियन पदाधिकारियों की देखरेख में फव्वारा चौक के नजदीक स्थित जिंदल सब स्टेशन पर निजीकरण के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया।
यूनियन के नेताओं ने सरकार से फैसला वापस न लिए जाने की सूरत में पूरे प्रदेश में आंदोलन चलाने तथा सर्कल तक बंद कर देने की चेतावनी दी। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार व निगम प्रशासन टेंडर रद नहीं करती तो यूनियन सरकार व निगम मैनेजमेंट के खिलाफ आर पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। अगर कोई भी ठेकेदार किसी भी सब डिवीजन में कार्य करने के लिए आता है तो उसी दिन से सर्कल पूरी तरह बंद कर दिए जाएगें। किसी भी सूरत में प्रदेश के 23 सब डिवीजनों का कार्य निजी हाथों में नहीं दिया जाएगा। प्रदर्शन में सब यूनिट प्रधान राजिंद्र प्रसाद, राजिंद्र शर्मा, सलीम, जयप्रकाश, बीरबल, विरेंद्र रोहिला, रामभवन, अशोक कांबोज, जयसिंह, रमेश थापा, कर्मचंद, कर्मसिंह, नितिन, जयप्रकाश, चंद्रमोहन, दविंद्र दत्त, विशम्बर आदि कर्मचारी सरकार पर गरजे।