साढौरा। नगरपालिका भंग करने व पंचायत बहाली की मांग को लेकर शुक्रवार को युवा पंचायत संघर्ष समिति के तत्वाधान में बाजार में रोष मार्च निकाला गया। इसके बाद समिति के सदस्यों ने सीएम के नाम नायब तहसीलदार कुलदीप सिंह को ज्ञापन सौपा।
प्रधान राजू सैनी की अगुवाई में रोष मार्च सरस्वती स्कूल से शुरु होकर रेस्ट हाऊस पर संपन्न हुआ। इस दौरान नगर पालिका भंग करने व पंचायत बहाल करने के पक्ष में नारेबाजी भी की गई। राजू सैनी, मनीष गुप्ता पिंकू, सुधीर भल्ला, अंकित अग्रवाल व संदीप गुप्ता ने कहा कि कस्बे में अधिकतर छोटे किसान व मजदूर वर्ग के लोग रहते हैं। क्षेत्र में उद्योग धंधों की कमी के कारण लोगों की आय बहुत कम है। दुकानदारी में भी मंदा चल रहा है। इसलिए करों का बोझ सहने में अधिकतर कस्बावासी असमर्थ हैं। यही नहीं नगरपालिका शासन में पोर्टल का बोलबाला होने से लोगों को अपना काम निपटाने के लिए कई दिन तक नगरपालिका के चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस मौके पर पूर्व सरपंच राजकुमार राणा, मंगतराम सैनी, चमन कश्यप, पंकज सैनी, मास्टर फकीरिया सैनी, जय गोपाल राणा, अरुण जैन, देस राज सैनी, बनारसी सैनी, शिव चंद व रामरतन भी मौजूद रहे।