सदर थाना क्षेत्र के गांव कैल में जमीन विवाद को लेकर सीनियर एडवोकेट जसविंदर सिंह पर हुए हमले के विरोध में सोमवार को वकीलों ने वर्क सस्पेंड रखा। वकीलों ने जिला बार एसोसिएशन के प्रधान बृजेश प्रताप की अध्यक्षता में डीएसपी मदन लाल को ज्ञापन दिया।
इसमें आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वकीलों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो उनका वर्क सस्पेंड आगे भी जारी रहेगा। मामले में पुलिस ने छह लोगों को नामजद कर कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान बृजेश प्रताप ने बताया कि महलांवासी निवासी सीनियर एडवोकेट जसविंदर सिंह कलेर का उसके चचेरे भाइयों के साथ कैल स्थित करीब 10 एकड़ जमीन पर विवाद चल रहा था। कोर्ट में केस चल रहा था जिसे एडवोकेट जसविंद्र जीत गए। 10 जून को जमीन पर कब्जा होना था। उसने तहसीलदार से अपनी जमीन का दखल (पुश्तैनी जमीन से अलग-अलग हिस्सा) लेना था।
इसलिए जसविंद्र सिंह सुबह करीब नौ बजे कैल गांव के क्षेत्र में स्थित जमीन देखने के लिए गए। जब वे अपनी कार से उतरकर खेतों में गए तो उसे वहां पर गांव महलांवाली निवासी दर्शन सिंह ने अपने भाई गुरमेल सिंह, जसपाल सिंह, हरप्रीत सिंह उर्फ काला और टोनी व छह-सात अन्य के साथ मिलकर उन पर हथियारों से हमला कर घायल कर दिया।
इसके अलावा उनका लाइसेंसी रिवाल्वर छीनकर उन पर फायरिंग भी की। मारपीट में घायल हुए एडवोकेट जसविंदर सिंह को आसपास के लोगों ने शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां अभी भी उनका इलाज चल रहा है। प्रदर्शन में एसोसिएशन के उपप्रधान अनुज शर्मा, जनरल सेक्रेटरी हुकूमत सिंह दहिया, बलसिंह सिंह आदि ने भाग लिया।