संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। नगर पालिका कार्यालय में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने सोमवार को पार्षदों के साथ बैठक की। इसमें रादौर के विकास पर चर्चा की गई। साथ ही निर्माणाधीन खेल स्टेडियम के काम पूरा कराने पर मंथन हुआ। बैठक में नपा सचिव सुरेंद्र मलिक ने बताया कि स्टेडियम के लिए 15.65 करोड़ की ग्रांट का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा है।
उन्होंने बताया कि तहसील के पास जोहड़ को सुंदर रूप देने की भी योजना है। साथ ही पांच करोड़ रुपये से पश्चिमी यमुना नहर की दो किलोमीटर की पटरी को पक्का किया जाएगा। इसके लिए सिंचाई विभाग से अनुमति ली गई है। एसके रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी को आवेदन किया है।
बैठक में शहर की डेहा बस्ती के पास स्पीड ब्रेकर बनाने पर चर्चा की गई। कृषि मंत्री राणा ने पार्षदों से अपील की कि अपने वार्डों को साफ-सुथरा रखें, जिससे प्रदेश में रादौर सफाई के मामले में नंबर वन बन सके। उन्होंने कहा कि नगर पालिका हर माह सफाई के मामले में सबसे साफ वार्ड के पार्षद को सम्मानित करेगी।
पार्षदों ने कृषि मंत्री से रादौर में 40 सफाई कर्मचारी रखे जाने की मांग की, जिससे सफाई व्यवस्था बेहतर बन सके। इस मौके पर चेयरमैन रजनीश मेहता शालु, पुष्पेंद्र गुर्जर, एमई संदीप शर्मा, जेई कपिल कांबोज, बीआई आदित्य कांबोज, पार्षद भगवतदयाल कटारिया, सुदेश सैनी, राजीव आर्य सन्नी आदि मौजूद रहे।