संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। प्रतापनगर से व्यासपुर जाने वाली सड़क पर अनाजमंडी प्रतापनगर के सामने गंदे पानी की निकासी का नाला ओवरफ्लो होकर बंद हो गया। इससे दुकानदारों व स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी पवन गुप्ता, गौरव गुप्ता व मुदित बंसल ने बताया कि नाला काफी दिन से बंद पड़ा है, जिस कारण सारा गंदा पानी नाले में भरने के बाद सड़क पर फैल रहा है और उसमें कई किस्म के कीटाणु और कीड़े मकौड़े पैदा हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसका निर्माण कुछ समय पहले ही हुआ है, लेकिन विभाग द्वारा इसकी निकासी का कोई प्रबंध नहीं किया गया।
इस नाले का सारा गंदा पानी सड़क पर फैलने के कारण दुकानों में आना-जाना बड़ा मुश्किल हो रहा है। इसके चलते दुकान पर कोई ग्राहक भी नहीं आता। लोक निर्माण विभाग इस नाले की तरफ कोई ध्यान नहीं देता और नहीं पंचायत की ओर से इसकी सफाई की तरफ कोई ध्यान दिया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से उनकी समस्या को दुरुस्त कराने की मांग की है।