संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कांग्रेस नेता ने निजी बस के चालक और परिचालक पर पीटने और बस चढ़ाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने आरोपी चालक और परिचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विष्णु नगर निवासी बलराज कौशिक ने बताया कि वह कांग्रेस के जिला सचिव है। आरोप है कि सिटी अस्पताल तक की टिकट मांगने पर उन्हें गलत स्थान पर उतारा गया। टिकट फर्जी बताकर विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और चालक ने बांस के डंडे से उनकी पिंडली पर कई वार किए। इसके बाद बस उनकी ओर मोड़कर कुचलने का प्रयास किया।
वह 19 अगस्त को कमानी चौक से निजी बस में सवार हुए थे। उन्होंने सिटी अस्पताल डॉ. उषा राठी अस्पताल तक जाने के लिए पांच रुपये की टिकट ली थी। जिला सचिवालय के सामने उन्हें डीसी कार्यालय के गेट पर उतारने का प्रयास किया गया। टिकट देखने पर उस पर 5 मई 2021 की तारीख और निजी कंपनी का नाम लिखा मिला।
शिकायत के मुताबिक टिकट का विरोध करने पर परिचालक ने उनका रास्ता रोक लिया और चालक ने डंडे से वार किए। दोनों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चालक ने बस उनकी तरफ मोड़ दी। उन्होंने पीछे हटकर अपनी जान बचाई। घटना के दो प्रत्यक्षदर्शियों के नाम भी शिकायत में दिए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि आरोपी सुमेर चंद और राम रतन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।