सांगीपुर स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी ओड कॉलोनी निवासी राजाराम (75) की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया। साथ ही पुलिस ने कुछ लोगों से पूछताछ भी की, जिससे पुजारी की हत्या का मामला जल्द सुलझने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि सांगीपुर नाके पर स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर का पुजारी राजाराम मंदिर परिसर में मृत मिला था। मामले में मृतक के छोटे भाई ओड कॉलोनी निवासी डॉ. राजकुमार रादौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बड़ा भाई राजाराम सांगीपुर नाके पर स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में 15 वर्षों से पुजारी था। जो मंदिर में बने कमरे में रहता था। वह कभी कभार ही रादौर उनसे मिलने आया करता था। शनिवार दोपहर को सांगीपुर गांव का एक व्यक्ति जब मंदिर में गया तो मंदिर के बाहर का गेट अंदर से बंद था। गेट खटखटाने पर भी अंदर से राजाराम नहीं आया तो व्यक्ति ने इसकी सूचना डायल 112 नंबर पर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि मंदिर में अपने कमरे में राजाराम मृत पड़ा है। जिसके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला और उसके शरीर पर चोट के निशान मिले। जिस पर उसकी हत्या के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। थाना रादौर प्रभारी इंस्पेक्टर अनंतराम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले में पुलिस गहनता से जांच कर रही है। जल्द इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।