संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अन्य राज्यों से सब्जियों की आवक घट गई है। इससे सब्जियों के दामों में हो रही वृद्धि ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। महंगाई का असर खरीदारी पर भी दिखाई दे रहा है। दुकानदारों के अनुसार, पहले जहां ग्राहक दो-तीन किलो सब्जियां खरीदते थे, वहीं अब आधा या एक किलो से काम चला रहे हैं।
सब्जी विक्रेता राजकुमार, विकास कुमार के मुताबिक यमुनानगर के बाजार में अलग-अलग सब्जियों की आवक हरियाणा के साथ दूसरे राज्यों से भी होती है। आलू की आवक पंजाब, उत्तर प्रदेश और करनाल-कुरुक्षेत्र क्षेत्र से होती है। प्याज महाराष्ट्र के नासिक, मध्य प्रदेश और राजस्थान से आता है। टमाटर हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान से पहुंचता है।
मटर की आवक हिमाचल, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से होती है। अदरक की आपूर्ति कर्नाटक, केरल, असम सहित अन्य क्षेत्रों से होती है। नींबू राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र समेत दक्षिण भारत के राज्यों से आता है। परवल की प्रमुख आवक उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल से होती है। वहीं शिमला मिर्च और बंदगोभी की आवक हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा से होती है। घिया, भिंडी, बैंगन, तोरी, कद्दू और पालक हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से आती हैं।
सब्जी विक्रेता बाबू राम ने बताया कि मंडियों में सब्जियों की आवक कम रही है। महंगे भाव के कारण ग्राहक कम खरीदारी कर रहे हैं। लोग अब पहले की तरह ज्यादा मात्रा में सब्जी नहीं लेते। आधा या एक किलो खरीदकर ही काम चला रहे हैं। दुकानदार बतरा ने बताया कि महंगे भाव सुनकर ग्राहक कई बार दूसरी सब्जी लेने लगते हैं। इससे बिक्री प्रभावित हो रही है। उनके अनुसार परिवहन और ढुलाई का खर्च बढ़ना भी सब्जियों के भाव पर असर डाल रहा है।
लोग बोले - हर महीने बढ़ रहा घर का खर्च
सब्जी खरीदने पहुंचे चमनलाल और मंदरेशो ने बताया कि पेट्रोल-डीजल, गैस और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों पर पहले ही खर्च बढ़ गया है। अब सब्जियों के दाम बढ़ने से रसोई का बजट और बिगड़ गया है। परिवार की आमदनी के मुकाबले खर्च तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में महीने का बजट बनाकर उसे पूरा करना मुश्किल हो रहा है। सुमन, कविता, रानी, सुनीता, कमलेश, रीना, मुकेश, रजत, कर्मवीर, नरेश और हिमांशु ने बताया कि महंगाई के कारण अब जरूरत भर की ही सब्जी खरीदनी पड़ रही है।
वर्तमान में सब्जियों के दाम
वर्तमान में आलू 20 रुपये, प्याज 60, टमाटर 50, करेला 60, नींबू 160, अदरक 120 और मटर 200 रुपये किलो तक बिक रहा है। चुकंदर 60, बींस 120, बैंगन 60, घिया 40, भिंडी 60, अरबी 60, तोरी 60, खीरा 60, कद्दू 40, फूलगोभी 80 और परवल 80 रुपये किलो है। मूली 60, हरी मिर्च 80, पालक 60, बंदगोभी 40, गाजर 60, शिमला मिर्च 80 और कच्चा केला 60 रुपये किलो तक पहुंच गया है।