जगाधरी। सब्जियों की बढ़ रही कीमतों ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। टमाटर के नखरे लाल हो गए हैं वहीं, प्याज भी आंसू निकाल रहा है। टमाटर के दाम 120 रुपये तक पहुंच गए हैं और प्याज 70 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है। इसके अलावा हरी सब्जियों के दाम भी बढ़ गये हैं। बढ़े दामों के कारण इन दिनों मंडियों में सामान्य दिनों की अपेक्षा बेहद कम लोग नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले दिनों रुक-रुककर हुई बारिश से सब्जी की फसलें बर्बाद हो गई हैं। इस कारण सभी सब्जियों के दाम आम आदमी के पहुंच से दूर हो रहे हैं। टमाटर जहां 120 रुपये, प्याज 70 रुपये, भिंडी 80 रुपये, शिमला मिर्च 90 रुपये, अरबी 100 रुपये की दर से बिक रहे हैं। विक्रेता राजकुमार, छोटे लाल, सूरज, प्रदीप ने बताया कि बारिश के कारण सब्जियों का अवाक कम हो गई है। इससे सब्जियों के दाम में अचानक से उछाल आ गया है। उन्होंने बताया कि इन दिनों 20 से 30 रुपये प्रति किलाेग्राम बिकने वाली तरोई 80 रुपये किलो बिक रही है। वहीं, हरी मिर्च भी 100 रुपये पहुंचने वाली है। इससे पहले प्रचंड गर्मी से सब्जियां की पैदावार प्रभावित हुई थी। गृहिणियों का कहना है कि इतने महंगाई में घर चलना मुश्किल हो गया है। इससे रसोई का बजट बिगड़ रहा है।
प्रति किग्रा रुपये में सब्जियों के दाम
सब्जी रेट
टमाटर- 120
अरबी- 100
भिंडी- 70
हरा मिर्च- 100
लहसुन- 130
घीया- 60
तोराई- 80
धनिया- 120
बैगन- 60
खीरा- 80
कद्दू- 60
आलू- 40
परवल- 60
प्याज- 50
शिमला मिर्च- 120