संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले के 11 राजकीय स्कूलों को खेल नर्सरियों के साथ ओपन जिम की भी सौगात मिल सकती है। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से परियोजना तैयार की जा रही है। इससे एक ओर खेल नर्सरियों में खिलाड़ी संबंधित खेलों का निशुल्क प्रशिक्षण व खेल विभाग से प्रति माह डाइट खर्च ले सकेंगे, वहीं दूसरी ओर ओपन जिम में कसरत व व्यायाम से खुद को स्वस्थ रख सकेंगे।
खेल विभाग ने सरकारी व निजी शिक्षण व खेल संस्थानों से अपने यहां खेल नर्सरियां शुरू करने के लिए 31 मार्च तक आवेदन मांगे गए थे। इस पर जिले से अलग-अलग 122 संस्थानों से आवेदन किए गए। इनमें 30 में विभाग से खेल नर्सरियां शुरू करने की अनुमति दी गई। इनमें 11 राजकीय स्कूल भी शामिल हैं, जहां अलग-अलग खेलों की खेल नर्सरियां शुरू हो रही हैं।
इनमें प्रशिक्षित कोच की नियुक्ति के साथ ट्रायल के जरिए प्रति नर्सरी 25-25 खिलाड़ी चयनित होंगे। दस-दस खिलाड़ी रिजर्व में भी रखे जाएंगे, जिससे 25 खिलाड़ियों को कोई किस कारण नर्सरी नहीं आता तो रिजर्व वाले खिलाड़ियों को नर्सरी में निशुल्क प्रशिक्षण का अवसर मिले। कोच से खेलों की बारीकियां सीखने के साथ खेल विभाग से अलग-अलग आयुवर्ग के लिए दो से तीन हजार प्रति माह डायट खर्च भी दिया जाना है।
इन खेल नर्सरियां की राजकीय स्कूलों में सौगात मिलने पर शिक्षा विभाग भी खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए आगे आया है। शिक्षा विभाग इन खेल नर्सरियों वाले राजकीय स्कूलों में ओपनजिम लगाने की परियोजना बना रहा है। इसके लिए स्कूलों व अफसरों से डाटा जुटाया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द नर्सरियों के साथ खिलाड़ी ओपनजिम का भी लाभ ले सकेंगे।
किस स्कूलों में कौन-सी खेल नर्सरी
हॉकी : राजकीय उच्च विद्यालय साबापुर।
फुटबॉल : पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन दामला, राजकीय माध्यमिक स्कूल झंडा।
रेस्लिंग : राजीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खुर्दबन, राजकीय उच्च विद्यालय पंचतीर्थी, राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी।
बॉक्सिंग : राजकीय उच्च विद्यालय फतेहपुर।
नेटबॉल : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलाकौर।
बास्केटबॉल : राजकीय माध्यमिक संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय।
योगा : राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छछरौली।
कबड्डी : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलाकौर।
खेल नर्सरियों वाले राजकीय स्कूलों में ओपन जिम लगाए जाने की योजना है। इसके तहत कार्रवाई की जा रही है। - धर्मेंद्र चौधरी, डीईओ, यमुनानगर।