थर्मल पावर प्लांट से नीलोखेड़ी जा रही 66 हजार केवी हाईटेंशन लाइन के गांव मोहड़ी में लगे दो टावर पोल टूटकर अचानक गिर गए। गनीमत रही कि इस दौरान खेतों में काम कर रहे किसान इसकी चपेट में आने से बच गए और बड़ा हादसा बच गया। दोनों टावर पोल नीचे से गुजर रही 11 हजार केवी लाइन पर गिरे।
इससे मोेहड़ी फीडर के काफी खंभे व लाइनें भी टूट गईं। इस हादसे में बिजली निगम को लाखों रुपये का नुकसान हुआ, वहीं गांव मोहड़ी समेत लक्सीबांस व अलाहर के किसानों के ट्यूबवेलों की मोटरें व स्टार्टर भी खराब हो गए। हादसे से हुए नुकसान और बिजली दुरुस्त न होने पर गुस्साए किसानों ने रविवार को लक्सीबांस के पंच धर्मबीर के नेतृत्व में बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
किसान धर्मबीर, पंच सतीश कांबोज, राजेश अलाहर, रविंद्र अलाहर, रामकरण अलाहर, विभेष लक्सीबांस, बलविंद्र कुमार बरहेड़ी, राजू मोहड़ी, मेहरसिंह पंजेटा, मुकेश मोहड़ी, सतबीर पंजेटा, जिलेसिंह अलाहर, शिव कुमार बरहेड़ी, जोगिंद्र सिंह लक्सीबांस ने बताया कि शनिवार को आई तेज आंधी के बाद छोटूराम थर्मल पावर प्लांट यमुनानगर से नीलोखेड़ी जा रही 66 हजार केवी लाइन के दो टावर पोल अचानक टूटकर गिर गए। ये नीचे से गुजर रही 11 हजार केवी लाइन पर गिरे। इससे फीडर के आसपास के खंभे और लाइनें भी टूट गईं। किसानों ने बताया कि लाइन टूटने से किसानों की फसलों के साथ मोहड़ी व साथ लगते लक्सीबांस व अलाहर के किसानों के ट्यूबवेलों की मोटरें व स्टार्टर भी खराब हो गए।
जिस समय दोनों टावर पोल टूटकर गिरे, उस समय किसान धर्मपाल, जोगिंद्र सिंह कांबोज के खेताें में उनका नौकर इंतजार परिवार के साथ टमाटर तोड़ रहा था। सौभाग्य से इंतजार और उसका परिवार 66 हजार केवी लाइन की चपेट में आने से बच गया। टावर पोल गिरने से जोरदार धमाका होने पर आसपास के क्षेत्र में ग्रामीणाें में हड़कंप मच गया।
दो दिन में लाइन ठीक न हुई तो पावर हाउस पर जड़ेंगे ताला
किसानों ने कहा कि मोहड़ी फीडर की 11 हजार केवी लाइन दो दिन से बंद होने के कारण उनकी धान, गन्ने व सब्जी की फसलें बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दो दिन के अंदर उनके मोहड़ी फीडर की लाइन को ठीक न किया गया तो किसान जठलाना पावर हाउस पर ताला जड़ देंगे।
नट बोल्ट व एंगल चोरी होने से गिरा टावर पोल
गांव मोहड़ी में आंधी के कारण 66 केवी लाइन के दो बडे़ टावर पोल गिरने से बिजली निगम को करीब 20 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। किसान धर्मबीर, सतीश, राजेश, रविंद्र, रामकरण, बलविंद्र, राजू, मेहर सिंह, मुकेश, सतबीर, जिले सिंह ने बताया कि जो टावर पोल गिरे हैं, उनके चोरों ने नट बोल्ट व एंगल की पत्तियां चोरी कर ली थीं। इसकी सूचना किसानों ने बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले ही दे दी थी, लेकिन निगम की ओर से इस बारे कोई कार्रवाई नहीं की गई।
अधिकारियों पर हो कार्रवाई
किसान नेता बाबूराम गुंदयाना और जिला प्रधान संजू गुंदयाना ने कहा कि चोरी होने के बाद निगम के अधिकारियों को बडे़ टावर पोल के चोरी हुए नट बोल्ट व एंगल की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस कारण सरकार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। किसानों को भी इससे परेशानी का सामान करना पड़ा। उनकी मांग है कि सरकार इस मामले को लेकर निगम के अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करे।