जो कार्यभार भाजपा ने चालीस दिन में दिया है, उतना कांग्रेस ने चालीस साल में मुझे नहीं दिया। एक नेता तब तक अपना रास्ता नहीं भटक सकता, जब तक उसके साथ मेहनत से कार्य करने वाले कार्यकर्ता खड़े हैं।
आज मैं जो कुछ भी हूं अपने कार्यकर्ताओं की बदौलत हूं। यह बात केंद्रीय ग्रामीण एवं विकास पंचायतीराज मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने बिलासपुर की गुलशन कॉलोनी में अमर सिंह बाल्टी के निवास पर आयोजित जनसभा में कही।
उन्होंने कहा कि दो-तीन माह में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना शुरू होने जा रही है। इसमें 12वीं के बाद युवा अपनी पसंद का कार्य चुनकर उनमें प्रशिक्षण हासिल कर सकते हैं। इससे प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवाओं को रोजगार के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पात्र को सरकार की ओर से किताबें, कार्यक्षेत्र, रहना-खाना निशुल्क प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्य में 40 प्रतिशत लड़कियों की भागीदारी होनी आवश्यक है।
केंद्रीय मंत्री के समक्ष बिलासपुर में पानी निकासी के लिए बूस्टर सिस्टम लगाने, गलियों व नालियों को पक्का कराने, पीने के पानी की व्यवस्था, वेद व्यास में सामुदायिक केंद्र बनाने, साफ-सफाई के पुख्ता प्रबंध, सैन समाज की धर्मशाला को मेले के दौरान प्रशासन से मुक्त कराने सहित अन्य मांगें रखी गईं जिन्हें केंद्रीय मंत्री ने मान लिया।
इस मौके पर विधायक बलवंत सिंह, चौधरी बीएस चौहान, चौधरी सूबे सिंह पंजेटा, राजकुमार त्यागी, कुलदीप सैनी, सुभाष मोदगिल, नरेंद्र बिंद्रा, बीर सिंह, रामचंद्र शास्त्री, दीपक छाबड़ा सहित अन्य मौजूद रहे।