यमुनानगर। एक पास पर दो बार शराब सप्लाई करने के मामले में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। शराब ठेकेदारों के बाद अंबाला की एनवी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री अंबाला के जीएम उमेश शर्मा ने अग्रिम जमानत याचिका लगाई। उनकी याचिका पर बुधवार को सुनवाई हुई। जिस पर अभी कोई निर्णय नहीं आया है। वीरवार को दोबारा सुनवाई होनी है।
वहीं, अंबाला के आबकारी विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत की भी जांच की जा रही है। मामले में अब तक शराब ठेकेदार कालिंदी काॅलोनी निवासी ब्रजपाल राणा व कुरुक्षेत्र के बीबीपुर निवासी रिंकू सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपी जेल भेज दिया गया। इन दोनों ठेकेदारों ने एनवी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड अंबाला के अधिकारियों से मिलीभगत कर यह फर्जीवाड़ा किया था।
21 जून की शाम को कलानौर पंचकूला नेशनल हाईवे पर पिरथी का माजरा के पास ट्रक को सीआईए वन की टीम ने पकड़ा। यह शराब की पेटियां एनवी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड अंबाला से रिंकू सिंह के एल-13 गोदाम स्काच स्टेशन वाइंस जगाधरी पर सप्लाई की जानी थी। जब पेटियों के बार कोड को ट्रैक एंड ट्रेस द्वारा इन शराब की पेटियों को स्कैन किया गया तो पता लगा कि यह शराब की पेटियां एल-13 मैसर्स स्काच स्टेशन वाइंस जगाधरी में पहले से ही छह बजकर 11 मिनट पर स्टाॅक इन दिखा रही हैं जबकि इस गाड़ी को शराब की पेटियों सहित पांच बजकर 25 मिनट पर पहले ही रोक कर चेक गया। क्यूआर कोड के अनुसार एक ही गाड़ी नंबर और शराब दोनों जगह होना संभव नहीं है। इस मामले में थाना छप्पर में केस दर्ज है।