क्षेत्र के गांव मलिकपुर बांगर में दो दिन पहले संदिग्ध हालात में हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके ससुराल पक्ष के सात लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। तब ससुराल पक्ष ने महिला की मौत पेट दर्द से होने की बात कही थी और बिना पोस्टमार्टम कराए शव को दफना दिया था। अब मृतका के मायके वालों ने उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर गला घोट हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही महिला के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। बुधवार को पुलिस एसडीएम बिलासपुर की अनुमति से शव को कब्र से बाहर निकाल कर उसका पोस्टमार्टम करवाएगी।
करनाल के गांव जैनपुर साधान निवासी रोहित ने बिलासपुर एसडीएम व बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बहन पूनम का करीब सात साल पहले मलिकपुर बांगर निवासी हरीश के साथ निकाह किया था। 17 अप्रैल को सुबह करीब पौने 11 बजे उसके पिता लाल सिंह के पास हरीश का फोन आया कि उनकी बेटी पूनम के पेट में दर्द है। वह बिलासपुर अस्पताल में दाखिल है। इस सूचना पर वह अपने पिता लाल सिंह व मां साहबजान के साथ बिलासपुर पहुंचा।
बिलासपुर पहुंचने पर जब उन्होंने आरोपी हरीश का फोन किया तो उसने बताया कि वह पूनम को घर ले आए है। इसके बाद जब वे मलिकपुर बांगर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उसकी बहन पूनम मृत पड़ी हुई थी। उसके गले में रस्सी के निशान थे। रोहित का आरोप है कि उसकी बहन की उसके पति हरीश, सास अकबरी, ससुराल पक्ष के रीना, शहनाज, इमानत, रूकसाना व चाहत ने रस्सी से गला घोटकर हत्या की थी। इसके बाद उसके शव को 17 अप्रैल को ही कब्रिस्तान में दफना दिया था। एसडीएम बिलासपुर के आदेशों पर मंगलवार को मृतका पूनम के शव को कब्र खोदकर बाहर निकाला जाएगा।
बिलासपुर थाना प्रभारी बलबीर सिंह का कहना है कि मृतका के भाई की शिकायत पर उसके ससुराल पक्ष के सात लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एसडीएम बिलासपुर के आदेशों पर बुधवार को शव कब्र से बाहर निकालने की कार्रवाई की जाएगी। शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।