संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नूंह क्षेत्र में हुई हिंसा बाद जिला पुलिस हाई अलर्ट पर है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है। जिदे के सभी संवेदनशील चौक-चौराहों व भीड़-भाड़ वाले इलाकों में धार्मिक भवनों के समीप पुलिस के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने लोगों से अपील की है कि जिला में अमन-शांति बनाए रखें। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला के सभी अधिकारी व कर्मचारियों को उचित दिशा निर्देश देकर पुलिस बल को संबंधित क्षेत्र में तैनात किया गया है। पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है और लोगों से कानून व्यवस्था बनाने में सहयोग की अपील कर रही है।
उन्होंने बताया कि फ्लैग मार्च का मकसद आमजन मे सुरक्षा का भाव पैदा करना है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है तथा जिला में स्थिति सामान्य है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी तरह की झूठी खबर, धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली, धर्म जाति, वर्ग विशेष पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली, भ्रामक जानकारी फैलाने वाली, जन भावनाओं को आहत करने वाली, लोक शांति भंग करने वाली पोस्ट, फोटो या वीडियो को फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर, इंस्टाग्राम इत्यादि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फॉरवर्ड या शेयर बिल्कुल न करें।
ऐसे लोगों पर पुलिस खुफिया तंत्र, गुप्तचरों और साइबर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इत्यादि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भड़काउ पोस्ट करने या ऐसी पोस्ट पर कमेंट, लाइक और फॉरवर्ड करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही अपील की है कि भ्रामक खबरों व अफवाह फैलाने वालों के बहकावे में ना आए। कानून को अपने हाथ में नहीं लें।
कानून व्यवस्था खराब करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि लोग अपने आस-पास किसी प्रकार की असामाजिक गतिविधि देखें तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर डायल -112 या अपने नजदीकी थाना चौकी पर तुरंत सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा तथा ऐसे लोगों पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।