यमुनानगर। रेलवे पुलिस की ओर से स्टेशन पर शनिवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दो डॉग स्कॉर्ड की टीम के साथ राजकीय रेलवे पुलिस के प्रभारी के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। डॉग स्काॅड के साथ जब काफी पुलिस वाले स्टेशन पर पहुंचे तो यात्रियों में भी खलबली मच गई। इस दौरान लोगों ने इसके बारे पूछा।
पुलिस कर्मियों ने लोगों को इसके बाद बताकर शांत किया। चेकिंग अभियान के लिए डॉग स्कॉड टीम अंबाला से पहुंची थी। अभियान के दौरान प्लेटफार्म, पैदल पुल, रेल लाइन, यार्ड, पार्सल घर, बुकिंग घर, आरक्षण केंद्र, साइकिल स्टैंड सहित अन्य स्थानों की जांच की गई। वहीं, जांच दल ने आने जाने वालों के सामान सहित उनकी तलाश ली। खोजी कुत्तों ने यात्रियों का सामान सूंघ कर जांच की।
राजकीय रेलवे पुलिस थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि यह एक रूटिंग चेकिंग है। यह मॉकड्रिल की तरह होती है, जिससे कर्मचारियों का अभ्यास भी होता है। इसके साथ इससे यात्रियों और लोगाें का मनोबल भी बढ़ता है। रेलवे पुलिस की ओर से नियमित रूप से यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाता है। अभियान के दौरान यात्रियों व लोगों को पुलिस की सहायता के लिए जागरूक किया गया। यात्रियों को सफर के दौरान संदिग्ध व्यक्ति और सामान की पहचान करने के कुछ आधारिक गुर बताए गए।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा प्रबंधन चौकस रखने में यात्रियों और लोगों का बड़ा सहयोग होता है। अभियान के दौरान पूरे रेलवे परिसर की जांच की गई। एक तरफ खोजी कुत्तों ने सामान की जांच, वहीं इलेक्ट्रॉनिक मशीनों से भी सामान की जांच की गई। अभियान के दौरान एसआई बोधराज, एएसआई बलजीत सिंह सहित अन्य रेलवे पुलिस के कर्मचारी शामिल रहे।