संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। इंस्पेक्टर की मां की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सबूत नहीं लगा है। अब पुलिस का पूरा ध्यान फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट पर लगा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस की तफ्तीश आगे बढ़ेगी। एसपी ने बताया कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट को जल्द से जल्द मंगाया जाएगा।
बीते सोमवार को इंस्पेक्टर की मां की हत्या और लूट की घटना में पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच कर ली है। किसी भी एंगल पर की गई जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है। जो पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। अब तक की जांच में किसी भेदी का हाथ होने की ही प्रबल संभावनाएं लग रही है। ऐसे में अब पुलिस के लिए फॉरेंसिक लैब की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अलग-अलग नमूने लेकर जांच को भेजे थे। एसपी राजीव देसवाल ने बताया कि विधिक साक्ष्यों के लिए घटना स्थल से नमूने फॉरेंसिक जांच को भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट को भी जल्द ही मंगवाया जा रहा है।
रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हत्यारों तक पहुंचने के लिए यमुनानगर, अंबाला, करनाल व पंचकूला चार जिलों की पुलिस जुटी है, किंतु बुजुर्ग राजबाला के हत्यारों का कोई सुराग नहीं।
पुलिस हर एंगल से जांच करने का दावा कर रही, यहां तक संदिग्धों की कुंडली भी खंगाल चुकी, उसके बाद भी खाकी के हाथ केवल निराशा ही है। वारदात को चार दिन बीत चुके, पुलिस हर पहलू से अभी तक जांच कर चुकी, लेकिन न तो कोई ठोस सबूत लगा और न ही हत्यारों का सुराग। बीते सोमवार को इंस्पेक्टर निर्मल सिंह के घर में घुसकर बदमाशों ने उनकी मां की हत्या कर दी थी। बदमाश घर में रखे 75 लाख रुपये और 23 तोले सोने के जेवर भी लूटकर कर फरार हो गए थे।
वारदात के बाद से ही पुलिस लूट और हत्या का खुलासा करने में जुटी हुई है। खुलासे के लिए एसआईटी का भी गठन किया गया है। अलग-अलग बिंदुओं पर जांच करने के लिए अलग-अलग टीम लगाई गई है। शुरूआत में पुलिस के हाथ एक संदिग्ध बाइक की फुटेज लगी थी। जिसे पुलिस ने ट्रेस करने का प्रयास किया। लेकिन, एक फुटेज के बाद बाइक को ट्रेस करने में सफलता नहीं मिली। जिस तरीके से बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था उससे लग रहा था कि किसी भेदी का हाथ हो सकता है।
यही कारण है कि पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से भी अलग-अलग पूछताछ की। गहनता से हुई पूछताछ के बावजूद पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगे। अब पुलिस घटना के समय आस-पाच चल रहे मोबाइल फोन के आधार पर संदिग्ध नबंरों की जांच कर रही है। जिससे हत्यारों तक पहुंच सके। हालांकि, अभी तक इस बिंदु पर भी पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली। पुलिस का दावा है कि जल्द मामले खुलासा किया जएगा।
अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। - राजीव देसवाल, एसपी यमुनानगर।