संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी थाना क्षेत्र के खेड़ा बाजार समीप लठमारन गली में गोलीकांड का आरोपी 48 घंटे में भी पुलिस के हत्थे नहीं लग पाया। मामले में शिकायतकर्ता ने गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी की पहचान भी पुलिस को बता दी थी, बावजूद इसके वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका।
लठमारन गली में मोहित व सविता लिव इन में रह रहे हैं। मोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार रात सविता की शामली के गांव जैनपुर निवासी बहन के बेटे अरुण ने घर में घुस उस (मोहित) पर गोलियां चलाई। इस दौरान वह बाथरूम में छिपकर बच गया। अरुण के साथ उसके सात-आठ साथी भी थे। घर के अंदर उस (मोहित) पर गोलियां चलाने के बाद जान से मारने की धमकी देकर अरुण व उसके साथी गली में भी हवाई फायर कर भाग गए।
थाना शहर जगाधरी पुलिस ने मोहित की शिकायत पर अरुण पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया, पर शनिवार देर शाम तक अरुण व उसके साथी में कोई गिरफ्तार नहीं कर पाई। मामले के जांच अधिकारी राकेश कुमार का कहना है आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।