रादौर। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की यमुनानगर यूनिट ने रादौर के नशा संवेदनशील क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं एचएसएनसीबी प्रमुख संजय कुमार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत टीम ने नार्को डिटेक्शन डॉग डॉलर के साथ अनाज मंडी और सब्जी मंडी परिसर में जांच की।
यूनिट प्रभारी महरूफ अली ने बताया कि टीम ने नशे की गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर तलाशी ली। प्रशिक्षित नार्को डॉग डॉलर की मदद से दुकानों, ठेलों और भंडारण वाले स्थानों की बारीकी से जांच की गई। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर नशीले पदार्थों की संभावित गतिविधियों पर रोक लगाना और तस्करों में भय पैदा करना है।
विज्ञापन
तलाशी अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों, आढ़तियों और आमजन से भी संवाद किया। उन्हें नशे के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे के खिलाफ सहयोग करने की अपील की गई। टीम ने कहा कि आसपास नशे की बिक्री, तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें।
महरूफ अली ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित अंतराल पर तलाशी और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से नशा मुक्त समाज बनाने के लिए पुलिस और ब्यूरो का सहयोग करने की अपील की।