यमुनानगर। यूरिया खाद से भरे ट्रक को सदर थाना पुलिस ने करेहड़ा खुर्द चौक के पास से पकड़ा है। ट्रक से लगभग 500 बैग यूरिया बरामद किया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह यूरिया पंजाब मार्का का है। इसे करेहड़ा के पास एक गोदाम में सप्लाई किया जाना था। इससे पहले खाद को ठिकाने पर पहुंचाया जाता, पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से इसे पकड़ लिया। सदर थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। माहभर में अवैध यूरिया के खेल का यह दूसरा मामला है।
सदर थाना पुलिस के अनुसार, उन्हें देर शाम सूचना मिली कि कुछ ग्रामीणों ने करेहड़ा खुर्द के पास यूरिया खाद से भरा ट्रक एक गोदाम में जाते हुए पकड़ा है। सूचना मिलने पर डायल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी चालक ग्रामीणों को चकमा देकर वहां से ट्रक लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस व ग्रामीणों ने उसका पीछा किया। पुलिस ने करेहड़ा मोड़ के पास ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक के अंदर यूरिया खाद के बैग थे, जो तिरपाल से ढके हुए थे। पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें लगभग 500 बैग यूरिया के थे। पुलिस ने कृषि तथा किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद उप कृषि निदेशक कार्यालय से हरीश पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने खाद की जांच की। जांच करने पर उन्होंने बताया कि यह खाद पंजाब मार्का का है। यह केवल पंजाब में ही इस्तेमाल किया जा सकता है। दूसरे किसी राज्य में इस तरह खाद सप्लाई करना अवैध है। उन्होंने इस यूरिया को अवैध बताया। पुलिस ने यूरिया खाद से भरे ट्रक को अपने कब्जे में लिया। सदर थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
विदित हो कि कुछ दिन पहले सदर जगाधरी पुलिस ने मानकपुर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध यूरिया से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ी थी। जांच में सामने आया कि कृषि विभाग के गुण नियंत्रक समेत कई लोगों की मिलीभगत से यह खाद फैक्ट्री में सप्लाई किया जा रहा था। उस मामले में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि गुण नियंत्रक समेत तीन अग्रिम जमानत पर हैं।
गोदाम में सप्लाई किया जाना था खाद -
जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया यूरिया खाद करेहड़ा खुर्द गांव के पास एक गोदाम में सप्लाई किया जाना था। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि गोदाम से यह खाद फैक्ट्री में जाना था या किसी और कार्य में इसका इस्तेमाल होना है। पुलिस जल्द ही गोदाम संचालक व सप्लायर को इस मामले में गिरफ्तार करेगी। इसके बाद ही पूरा मामले का पता चलेगा कि यह यूरिया खाद कृषि कार्य में इस्तेमाल किया जाना था या फैक्ट्री में इसका प्रयोग होना था।
-
सदर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार का कहना है कि ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जाएगी। उससे पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का पता चलेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।