प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत रविवार को छह राज्यों के हजारों लोगों को संपत्ति कार्ड बांटे गए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पांच राज्यों के छह लोगों से वीडियो कांफ्रेंस से सीधा संवाद किया। यमुनानगर के तुगलपुर निवासी मुमताज अली की भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये प्रधानमंत्री से बात हुई। वीडियो कांफ्रेंस पर जुड़ते ही प्रधानमंत्री ने नमस्ते मुमताज अली कर कह बातचीत की शुरुआत की। जिस पर मुमताज ने प्रधानमंत्री जी को हमारा सलाम कहकर उनका इस्तकबाल किया।
इसके बाद पीएम ने कहा कि आज आपके घर के कागजात आपके हाथों में आ गए हैं, आपके मकान का नक्शा है, अब आप की हद तय हो गई है। इस पर मुमताज अली ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि इसे लेकर पहले झगड़े होते थे, कोई मकान बनाना होता था तो दिक्कतें आती थी, अब वह नहीं होंगी। इस पर प्रधानमंत्री ने पूछा कि आप क्या काम करते हैं। मुमताज अली ने कहा कि राजमिस्त्री का काम करते हैं। फिर प्रधानमंत्री ने पूछा कितना कमा लेते हो। मुमताज अली ने कहा कि करीब 15 हजार प्रतिमाह कमा लेते हैं। फिर प्रधानमंत्री जी ने पूछा आप राजमिस्त्री हैं, आगे और क्या सोचते हैं। इस पर मुमताज अली बोले, मुझे अपने मकान का अधिकार मिल गया है। आगे शटरिंग का काम करूंगा। इसके लिए मुझे बैंक ने भी तीन लाख रुपये के लोन के लिए हां कर दी है। इस पर प्रधानमंत्री बोले बहुत अच्छा, अब आप आगे अपना काम बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि इससे जहां आपका काम आगे बढ़ेगा। वहीं आप की माली हालत को सुधारने में भी मदद मिलेगी। इसके बाद पीएम ने मुमताज से उनके बच्चों के बारे में पूछा और कहा कि कुछ भी हो बच्चों को जरूर आगे पढ़ाएं। इस पर मुमताज अली ने कहा कि उसके पास एक बेटा और एक बेटी है। दोनों पढ़ाई कर रहे हैं। वह बच्चों को अच्छी तालिम दिलवाकर अफसर बनाना चाहता है। उन्हें राजमिस्त्री बनने पर मजबूर नहीं करेंगे। इसके बाद मुमताज अली से बात के अंश पीएम के अधिकारिक ट्विटर पर ट्विट किए गए।