संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। शहीद उधम सिंह कांबोज धर्मशाला में बुधवार को आरएमपी एवं अनुभवी चिकित्सक एसोसिएशन की जिला स्तरीय बैठक हुई। इसमें एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. ऋषिपाल सैनी ने आरएमपी चिकित्सकों को नशे के खिलाफ मुहिम चलाने के लिए शपथ दिलाई। साथ ही सरकार से हरियाणा हेल्थ केयर वर्कर बोर्ड का पुनर्गठन कर उन्हें सूचीकृत किए जाने की मांग भी की।
कार्यक्रम के दौरान दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के प्रदेश कोऑर्डिनेटर स्वामी गुर ज्ञानानंद ने आरएमपी चिकित्सकों को सत्संग के माध्यम से जागरूक किया। बैठक के बाद आरएमपी एवं अनुभवी चिकित्सक एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. ऋषिपाल सैनी ने कहा कि जल्द ही वे एसोसिएशन द्वारा जिले से नशे के खिलाफ मुहिम की शुरुआत करेंगे।
इस मुहिम के तहत वे गांव दर गांव चिकित्सा सेवाएं दे रहे आरएमपी चिकित्सकों के साथ लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करेंगे। इसके अलावा एसोसिएशन नशे छोड़ने के लिए गांव में शिविर लगाकर उन्हें नशा छोड़ने की दवा भी निशुल्क देगी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में आरएमपी चिकित्सक एक सकारात्मक भूमिका अदा कर सकते हैं।
उन्होंने सरकार से हरियाणा हेल्थ केयर वर्कर बोर्ड के पुन गठन कर आरएमपी चिकित्सकों को सूचीबद्द किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को यमुनानगर में होने वाली प्रधानमंत्री की रैली में भी आरएमपी चिकित्सक काफी संख्या में भाग लेंगे। मौके पर मायाराम टोपरा, सतीश कुमार, एसके राय, दिनेश शर्मा, देशराज काम्बोज, यशपाल बुबका, महेंद्र सिंह, सरजन सैनी, संजीव कुमार मौजूद रहे।