नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी की ओर से सीएफसी (सिटीजन फैसिलिटी सेंटर) की विंडो बढ़ाने की तैयारी है। इसके लिए सर्विस प्रोवाइडर की तलाश में ई-टेंडर लगा दिया है। बता दें कि अभी तक नगर निगम के यमुनानगर कार्यालय में छह और जगाधरी कार्यालय में चार विंडो रही हैं, पर नए ई-टेंडर मुताबिक विंडो संख्या बढ़ाकर 27 होगी। जिसमें कन्हैया साहिब चौक स्थित इंजीनियरिंग ब्रांच में तीन व अन्य जगह 14 नई विंडो होंगी। विंडो बढ़ने से शहर के लोगों को यहां मिलने वाली विभिन्न सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होगी। सीएफसी पर प्रॉपर्टी टैक्स का स्टेटस जानने से लेकर उसकी अदायगी और प्रॉपर्टी असेसमेंट व एनडीसी (नो ड्यूज सर्टिफिकेट) निकलवाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य होते हैं। इसके अलावा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदन व लेने, विवाह पंजीकरण व विवाह प्रमाण पत्र लेने जैसे काम होते हैं। यह सभी कार्य हर घर से जुड़े होने के कारण हर कार्य दिवस पर नगर निगम के यमुनानगर व जगाधरी कार्यालय में सैकड़ों लोग आते हैं। जिनकी संख्या को देखते हुए दोनों कार्यालय में सीएफसी की मौजूदा दस विंडो कम देखते हुए संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। जिससे विंडो पर वर्क लोड बंटे और लोगों को सेवाओं के लिए अधिक समय कतार में न रहना पड़े।
पूरा प्रयास है कि लोगों को नगर निगम से जुड़ी सेवाओं का लाभ जल्द व सुगम तरीके से दिया जा सके। इसी के तहत योजनाएं बना रहे हैं और कार्य कराए जा रहे हैं।
- मदन चौहान, मेयर, नगर निगम।