यमुनानगर। गांव बलाचौर में कुत्ते के भौंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और पिटबुल के हमले तक पहुंच गया। आरोप है कि दो भाइयों ने पहले लोहे की रॉड से मां-बेटे पर हमला किया और बाद में युवक पर पिटबुल कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते ने युवक के पैर को अपने जबड़े में दबा लिया। बीच-बचाव करने आई उसकी मां पर भी कुत्ते से हमला कराने का आरोप है। पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बलाचौर निवासी रमन कुमार ने बताया कि वह प्लंबर का काम करता है और परिवार के साथ रहता है। 15 सितंबर की शाम वह परिवार के साथ घर के सामने गली में बैठा था। इसी दौरान गांव का आशु अपने पिटबुल कुत्ते को लेकर वहां से गुजर रहा था। घर में बंधा उनका कुत्ता पिटबुल को देखकर भौंकने लगा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विज्ञापन
रमन के अनुसार इसके बाद आशु और उसका भाई कुनाल लोहे की रॉड लेकर उनके घर पहुंचे और उनके कुत्ते को पीटने लगे। विरोध करने पर उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि आशु ने अपना पिटबुल रमन पर छोड़ दिया। बचने के लिए दौड़ने पर कुत्ते ने उसके पैर को काटकर जबड़े में दबा लिया।
मां रेखा बचाने आई तो उस पर भी कुत्ते से हमला कराया गया। इसके बाद आरोपियों ने रॉड से हमला कर दिया। जिसके बाद घायलों ने उपचार कराया। थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर दोनों भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गली में पिटबुल कुत्ते को लेकर जाता आरोपी। सीसीटीवी