यमुनानगर। सीआईए 2 की टीम ने तीन दिन के प्रोडक्शन रिमांड पर लिए प्लाईवुड व्यापारी से 2.80 लाख लूटने के आरोपियों से 70 हजार रुपये व वारदात में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल बरामद की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान आरोपियों से लूटी गई नकदी व अन्य वारदात के बारे में पूछताछ की जाएगी। शनिवार को आरोपियों के रिमांड का दूसरा दिन था।
सीआईए 2 इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि 10 मार्च को अमादलपुर रोड के भोजपुर मोड़ पर प्लाईवुड व्यापारी ग्रीन पार्क निवासी रमन कुमार पर फायरिंग कर दो बदमाशों ने 2.80 लाख रुपये लूट लिए थे। मामले में शुक्रवार को उनकी टीम ने गांव भगवानपुर निवासी सर्वजीत उर्फ दिलप्रीत और गुरदीप उर्फ नंदू को तीन दिन के प्रोडक्शन रिमांड पर लिया है। पूछताछ में आरोपियों से लूटी गई रकम में से 70 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात के समय जिस पिस्टल से फायरिंग की गई थी, उसे बरामद किया गया है। इंचार्ज का कहना है कि दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में उनसे और रुपयों की रिकवरी की जाएगी।