माडल कॉलोनी क्षेत्र में बुधवार उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब कुछ युवकों ने वहां बाजार में हवाई फायर कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक तीन कारों में सवार थे और दो कारों से गोलियां चलाई गई।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रामपुरा चौकी पुलिस सहित थाना शहर यमुनानगर प्रभारी राजेश कुमार वारदात स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस को सचिन ने बताया कि उसका निरंकारी भवन के सामने माडल कॉलोनी में प्रोपर्टी और फाइनेंस का कार्यालय है। शाम को वह अपने दोस्त कमालपुर निवासी भंवर सिंह राणा उर्फ भूरा, सुरेशपाल, बबलू, विनय बहादुरपुर के साथ कार्यालय के बाहर खड़ा था।
इस दौरान मंगू और कंवल नाम के दो युवक वहां आ गए। विनय का दोनों से रुपये का लेनदेन है। इसी को लेकर उनमें बहस हो गई। इस दौरान सभी ने तीनों समझा बुझाकर मामले शांत कर दिया। जिस पर मंगू और कंवल वहां से चले गए। उन्होंने बताया कि इसके करीब आधा घंटे बाद मंगू, कंवल, लवली और 6-7 अन्य युवक तीन कारों पर उनके कार्यालय के सामने पहुंचे।
देखते ही देखते उन्होंने कार से उनकी तरफ दो फायर किए। इससे एक गोली दीवार पर लगी जबकि दूसरी हवा में चली।
बरामद हुआ गोली का खोल
सूचना पाकर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थाना शहर प्रभारी राजेश कुमार ने वारदात स्थल का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस को वहां से गोली का खोल बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।