गांव परवालों के अड्डे पर एक माह पहले एक्टिवा की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए 46 वर्षीय कर्णपाल की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। घायल कर्णपाल एक माह से पीजीआई चंडीगढ़ से उपचार चल रहा था। थाना बूड़िया पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के सरसावा निवासी वंश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना बूड़िया पुलिस को दी शिकायत में गांव परवालों निवासी कुलदीप ने बताया कि उसका चाचा गांव परवालों निवासी 46 वर्षीय कर्णपाल मेहनत मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता था। 27 अप्रैल की शाम करीब साढ़े छह बजे वह चाचा कर्णपाल के साथ गांव परवालों के अड्डे से घरेलू सामान खरीद कर पैदल घर जा रहे थे। तभी सामने जगाधरी की तरफ से एक्टिवा चालक तेज रफ्तार से आया और सीधे कर्णपाल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कर्णपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने तुरंत अपने पिता सतपाल के पास फोन किया। पड़ोसी मांगा व पिता की मदद से वह कर्णपाल को ट्रामा सेंटर लेकर गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने कर्णपाल को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। कुलदीप ने बताया कि पीजीआई में ऑपरेशन होने के बाद डॉक्टरों ने चाचा को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। एक माह से उन्हें होश नहीं आया था। हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें ट्रामा सेंटर से दोबारा पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान कर्णपाल की मौत हो गई।