फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: वार्ड-11 के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिलने का इंतजार

Sun, 16 Feb 2025 11:56 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

यमुनानगर। नगर निगम के वार्ड 11 में बड़ा मुद्दा सफाई न होने से जगह-जगह फैली गंदगी का है। खुले स्थानों से लेकर प्लॉटों में कचरा बिखरा है। साथ ही जलभराव और स्ट्रीट लाइट तो कई जगह क्षतिग्रस्त गलियों-सड़कों की दिक्कतें हैं। वार्ड के लोग समस्याएं झेलते हुए मूलभूत सुविधाएं मिलने का इंतजार कर रहे है।
वार्ड में ही तेजली के समीप सौ से अधिक परिवारों को सौ-सौ गज के प्लॉट अलॉट हैं, पर यहां वर्षों बाद भी गलियां-नालियां, स्ट्रीट लाइट नसीब नहीं हो पाए हैं। यहां बिजली के तार भी बल्लियों व छतों के सहारे लटक रहे हैं। ये देख अधिकांश परिवार मकान नहीं बना पाए, वहीं घर बनाकर रह रहे लोग खस्ताहाल मार्ग, बारिश में जलभराव, शाम बाद अंधेरे जैसी परेशानी झेल रहे हैं।
विज्ञापन

अक्तूबर-2018 के निगम चुनाव में वार्ड एससी वर्ग के लिए आरक्षित रहा, तब यहां से सांकेत प्रकाश पार्षद बने। इस बार वार्ड एससी महिला के लिए आरक्षित है, जिस पर भाजपा की ओर से संतोष रानी को पार्षद प्रत्याशी बनाया गया है, वहीं अन्य दलों से और आजाद दावेदारी के लिए कई लोग सक्रिय दिख रहे हैं।
इससे वार्ड में पार्षद चुनाव में मुकाबला कड़ा हो गया है, वहीं इस बार पिछले चुनाव से तीन बूथ और 3577 वोटर भी बढ़े हैं, जो चुनावी समीकरण बदल सकते हैं। अक्तूबर 2018 के चुनाव में कुल 11 बूथ पर 10332 मतदाता थे, वहीं इस बार 14 पर कुल 13909 मतदाता हो गए हैं।
नई वार्डबंदी में क्षेत्र
ज्योतिनगर, वीरनगर, सेक्टर-15, गधौली, शांति कॉलोनी, मधु कॉलोनी, हनुमान कॉलोनी, तेजली, इंदिरा आवास कॉलोनी, मुंडामाजरा, दड़वा।
तेजली निवासी संजीव ने बताया कि वार्ड में सबसे बड़ी समस्या सफाई की है। कई जगह जलभराव होता है तो कहीं स्ट्रीट लाइट बंद पड़े हैं या है ही नहीं। कई गलियां-सड़कें भी क्षतिग्रस्त हैं। तेजली के समीप जहां सौ-सौ गज के प्लॉट अलॉट किए गए, वहां वर्षों बाद भी न गलियां-नालियां बनी और न स्ट्रीट लाइट हैं। बिजली के तार भी लकड़ी की बल्लियों व छतों के सहारे लटक रहे हैं। इसी कारण अधिकांश परिवारों ने यहां अपने घर नहीं बनाए, जो रह रहे है वो भी परेशानी झेल रहे हैं।
सड़कें क्षतिग्रस्त, सीवरेज जाम
सेक्टर-15 निवासी सेवानिवृत्त प्रिंसिपल आरएस शर्मा ने बताया कि सेक्टर की कई सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। सीवरेज लाइन सही सफाई न होने से बार-बार जाम रहती है। कई जगह सेक्टर में दूर तर स्ट्रीट लाइट नहीं है। क्षतिग्रस्त गलियों-सड़कों से आते-जाते कई बार लोग गिरकर चाेटिल हो चुके हैं। अभी भी हादसे की आशंका है। सीवरेज जाम से गंदे पानी निकासी की दिक्कत झेलनी पड़ती है। इन पर निगम प्रशासन को दूर करना चाहिए। साथ ही सेक्टर बने 35 साल हो चुके हैं।
जरनैल सिंह ने बताया कि वार्ड में लोगों की सुविधा के लिए पार्क बनने चाहिएं। साथ ही कई गलियों-सड़कों के पुनर्निर्माण व मरम्मत की जरूरत है। खुले व प्लॉटों में बिखरे कचरे व अन्य गंदगी का उठान कराया जाना चाहिए, क्योंकि इससे दुर्गंध के साथ मक्खी-मच्छरों की परेशानी के साथ ही अलग-अलग बीमारी भी लोगों को चपेट में लेती है। सफाई के साथ कचरा उठान भी नियमित होना चाहिए, जिससे किसी को कचरे को खुले में गिराने की जरूरत न पड़े।
तेजली निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि वार्ड में जहां इंटरलॉकिंग टाइल सड़क या फुटपाथ पर बिछाई गई, उनमें अधिकांश जगह टाइलें उखड़ या धंस रही हैं। इससे आने-जाने वाले वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी हो रही है। कई बार उखड़ी व धंसी टाइलों से ठोकर लगने से लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। कई जगह अन्य सीसी व तारकोल की गलियों-सड़कों में भी बने गड्ढों के कारण यह परेशानी हो रही है। समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
विज्ञापन



दड़वा निवासी साहिल ने बताया कि गांव सहित खुले स्थानों में गंदगी का डेरा है। इससे न केवल आसपास के घरों में रह रहे लोगों बल्कि अन्य लोगों को भी आते-जाते दुर्गंध झेलनी पड़ती है। साथ ही यह गंदगी बारिश व अन्य बीमारियों के सीजन में लोगों की सेहत पर नुकसान पहुंचाती है। कई बार कहने पर भी नगर निगम की ओर से नियमित रूप से गंदगी का उठान नहीं कराया जाता। इस तरह की सफाई की दिक्कत के साथ जल निकासी की भी परेशानी है।
वर्ष - बूथ - पुरुष - महिला - कुल
2018- 11 - 5599 - 4733 - 10332
2025- 14 - 7329 - 6580 - 13909
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें