संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। एसके रोड के साथ लगती वीआईपी कॉलोनी में बने नालों की सफाई न होने से लोग परेशान हैं। नालों की सफाई को लेकर कई बार कॉलोनी के लोग नगर पालिका अधिकारियों से मिले, पर समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे लोगों में नगर पालिका अफसरों की कार्यप्रणाली को लेकर रोष है।
कॉलोनी निवासी पूर्व पंच धर्मबीर दारसी, राजू, सुखबीर सिंह, फकीरचंद, कर्ण ने बताया कि वीआईपी कॉलोनी में एसके रोड पर सड़क किनारे कुछ समय पहले सरकार की ओर से गंदे पानी की निकासी को लेकर बड़ा नाला बनाया गया था। जिसकी सफाई न होने के कारण नाले में गंदगी अटी पड़ी है, वहीं नाले में गंदगी पड़ी होने के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है।
पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। कुछ दिनों बाद मानसून आने वाला है। नाले की सफाई न होने से लोगों को जलभराव से जूझना पड़ेगा। उनकी मांग है कि जल्द नाले की सफाई कराई जाए। इस बारे में नपा सफाई निरीक्षक गोविंद ने बताया कि जल्द नाले की सफाई करवा दी जाएगी। कर्मचारियों को नियमित रूप से नाले की सफाई कराने के आदेश दिए जाएंगे।