रादौर। मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना लाभार्थियों के लिए जी का जंजाल बन गई है। लाभर्थियों को योजना का लाभ लेने के लिए दलालों को मोटी रकम चुकानी पड़ती है। दलाली न देने पर लाभार्थी अधिकारियों के धक्के खाने पर मजबूर हो रहे हैं। जिससे लाभार्थी मानसिक तनाव से गुजर रहे है। शहर के सतीश, अनिल कुमार, संदीप कुमार, रजत, जगन चौहान ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी करीब एक वर्ष पहले की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था। परंतु एक वर्ष पूर्ण होने पर भी लाभ नहीं मिला। जिससे सरकार व प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर लाभार्थियों में भारी रोष है। प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना गरीब लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए जारी की थी। लोगों का आरोप है कि अधिकारियों के ढीले रवैये के कारण योजना का लाभ दलाल उठा रहे है। दलाल योजना से जुड़ी राशि दिलवाने के बहाने 20 से 30 हजार रुपये की मांग करते हैं। अधिकारी लाभार्थी को पिछले एक वर्ष से साइट बंद होने की बात कहकर टालमटोल करते हैं। उन्होंने सरकार से योजना की राशि जल्द से जल्द दिलवाने की मांग की। संवाद