संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन (हैप्पी) योजना में आवेदन करने के बाद छह हजार लोग कार्ड लेने नहीं आ रहे हैं। अभी तक जिले से आवेदन करने वाले 87 हजार पात्रों के कार्ड तैयार हो चुके हैं, जिनमें 81 हजार को कार्ड वितरित हो चुुुके हैं। कार्ड नहीं लेने वाले पात्रों रोडवेज कर्मचारी फोन कर बुला रहे हैं।
प्रदेश सरकार ने जून-2024 को हैप्पी योजना शुरू की थी। इसके तहत एक लाख या इससे कम वार्षिक आय वाले परिवारों को हैप्पी कार्ड देने का प्रावधान है। इन हैप्पी कार्ड से हरियाणा रोडवेज की बसों में एक साल तक एक हजार किलोमीटर तक मुफ्त सफर की सुविधा है। योजना की शुरुआत में करीब 10 हजार आवेदन आए थे। हर माह योजना के आवेदन बढ़ते गए। गत सात माह में कुल 87 हजार आवेदन हो चुके हैं, जिनमें 81 हजार को हैप्पी कार्ड अलॉट भी किए जा चुके हैं।
नोडल अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि हैप्पी कार्ड के लिए 87 हजार आवेदन हो चुके हैं। इनमें 81 हजार को कार्ड दिए जा चुके हैं। शेष छह हजार सहित नए आवेदकों को कार्ड वितरण के लिए शहर के साथ रादौर, व्यासपुर (बिलासपुर), छछरौली जैसे ग्रामीण इलाकों में भी हेल्प डेस्क बनाए हैं। वहां मोबाइल पर आए मैसेज को दिखाकर आवेदक अपने हैप्पी कार्ड ले सकते हैं। पात्रों को हैप्पी कार्ड लेने के लिए फोन कर बुलाया जा रहा है।