साढौरा। बीडीपीओ कार्यालय के सामने सड़क का 100 मीटर का हिस्सा खस्ताहाल है। ऐसे में यहां बाइक सवार गिरकर आए दिन चोटिल होते रहते हैं। इस संबंध में कस्बावासियों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से सड़क की मरम्मत कराए जाने के बारे में शिकायत की लेकिन सड़क को दुरुस्त नहीं कराया जा सका। अब बारिश के मौसम में यह सड़क राहगीरों के लिए और दुखदायी हो गई है।
यह हालात एक दिन के नहीं बल्कि रोजाना के हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत रात के समय होती हैचूंकि अंधेरे में राहगीरों को गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं और वह हादसे का शिकार हो जाते हैं। कस्बा वासी सुधीर भल्ला, संजीव सैनी, प्रदीप, महावीर संधू सैदूपुर, हरीश चौहान, पूर्ण कालरा व कमल बराड़ ने बताया कि यह सड़क कस्बे के कई मोहल्लों को कालाअंब मार्ग से जोड़ती है। इस सड़क पर बीडीपीओ कार्यालय के अलावा एसएस पब्लिक स्कूल है। यही रास्ता डीएवी कॉलेज, वन विभाग कार्यालय व आईटीआई को भी जाता है। इस कारण सड़क पर बहुत आवाजाही रहती है।
लोगों की समस्या जायज है इस सड़क को ऊंचा उठाकर दोबारा बनाने का प्रस्ताव विभाग को भेजा हुआ है। मंजूरी मिलते ही सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। नई सड़क बनने के बाद राहगीर व वाहन चालकों को कोई दिक्कत नहीं आएगी।
-सुनील, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी, साढौरा