संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति की यमुनानगर बस स्टैंड समीप निजी पैलेस में बैठक हुई। बैठक में समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके अलावा आंदोलन करने के लिए दिल्ली में जुटने निर्णय लिया गया।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक राऊत ने कहा कि आठ वर्षों में केंद्र सरकार न्यूनतम पेंशन 1000 से बढ़ाकर 7500 रुपये प्रति माह करने का बार-बार आश्वासन दे रही है, पर अभी तक कोई घोषणा न होने से पेंशनर्स में रोष है।
अगर संसद के मानसून सत्र से पहले पेंशन बढ़ोतरी व मुफ्त चिकित्सा सुविधा की घोषणा नहीं होती है तो देशभर के पेंशनर्स दिल्ली में आंदोलन के लिए जुटेंगे।
राष्ट्रीय मुख्य समन्वयक रमाकांत नरगुंड ने कहा कि सरकार पेंशनर्स के धैर्य की परीक्षा न ले। वृद्ध पेंशनरों की आर्थिक स्थिति दयनीय है, इसलिए पेंशन बढ़ोतरी का काम सर्वोच्च प्राथमिकता पर होना चाहिए। प्रांतीय सभा में हरियाणा के विभिन्न जिलों के अनेक विभागों के पेंशनर्स काफी संख्या में उपस्थित हुए।
बैठक को महिला मोर्चे की राष्ट्रीय सचिव सरिता ताई नारखेडे व उषा ताई राऊत, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बीएस नारखेड़े महाराष्ट्र के वरिष्ठ पदाधिकारी संजय पाटिल, हरियाणा के नवनियुक्त प्रांतीय अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, प्रांतीय महामंत्री जयप्रकाश मिश्रा, जिला अध्यक्ष राजेश भटनागर, जिला महामंत्री श्याम लाल प्रजापति ने भी संबोधित किया।