रादौर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रादौर में शुक्रवार को विश्व मधुमेह दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एसएमओ डॉ. विजय परमार ने लोगों को मधुमेह के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और खानपान की गलत आदतों के कारण मधुमेह के मामले बढ़ रहे हैं। इससे बचने के लिए खानपान में सावधानी बरतने के साथ नियमित व्यायाम करना जरूरी है। डॉ. परमार ने बताया कि खून में ग्लूकोज (शर्करा) का स्तर सामान्य से अधिक होने पर मधुमेह की स्थिति बनती है। यह जीवनशैली और वंशानुगत कारणों से होने वाली बीमारी है। शरीर में इंसुलिन का पर्याप्त उत्पादन नहीं होने या उसके सही तरीके से काम नहीं करने के कारण रक्त में शुगर का स्तर बढ़ जाता है। इससे आंखों, गुर्दे, दिल और दिमाग पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि बार-बार पेशाब आना, अधिक भूख लगना, थकान, कमजोरी, वजन कम होना, पैरों में दर्द, घाव का देर से ठीक होना, आंखों की रोशनी प्रभावित होना और जननांगों में खुजली या संक्रमण होना मधुमेह के प्रमुख लक्षण हैं। इससे बचने के लिए मीठे खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखें और संतुलित आहार लें। फलों का जूस पीने के बजाय साबुत फल खाएं। नियमित व्यायाम व योग करें और वजन नियंत्रित रखें।