संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सात दिन की हड़ताल के बाद पटवारी व कानूनगो अपने काम पर लौट आए। पटवारियों के काम पर लौटते ही मंगलवार को जिले के तमाम पटवारखानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। हालात ऐसे रहे कि कई पटवारी कार्यालयों में लोगों के खड़े होने की जगह भी नहीं बची थी। ऐसे में लोगों को अपने काम के लिए इंतजार करना पड़ा।
पटवारियों ने आए लोगों के काम किए और लंबित कार्य भी जल्द निपटाने में जुट गए हैं। पटवारियों व कानूनगो के सात दिन से काम न करने के कारण जिले में करीब 4,000 के इंतकाल, तीन हजार डोमिसाइल, 1800 जातीय सहित अन्य प्रमाण पत्र, ऋण संबंधी दस्तावेज, तस्दीक दस्तावेज सहित जमाबंदी, फर्द, वारसान रिपोर्ट, कोर्ट संबंधी के अलावा अन्य काम रुके पड़े हैं।
इसके अलावा जिले में गिरदावरी भी नहीं हो रही थी। गिरदावरी न होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि समय पर गिरदावरी करके डाटा नहीं जुटाया जाता है तो इसका असर धान खरीद पर दिखाई देगा। ऐसे में किसानों को और भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं हड़ताल खत्म होने से लोगों ने राहत की सांस ली। पटवारियों के लौटने पर लोगों को काम होने की उम्मीद जगी है। इस दौरान काम के लिए आए घनश्याम दास, रवि किशन ने बताया कि हड़ताल के दौरान वे दो बार पटवारियों से मिलने आए थे। उन्हें हड़ताल की जानकारी नहीं थी। पटवारी से काम न होने के कारण उनके अन्य कार्य भी रुक हुए हैं। अब पटवारियों के लौटने से उन्हें काम की उम्मीद हुई है।
दो-तीन दिन में लंबित काम करेंगे पूरे : रामफल
इस दौरान द पटवार रेवेन्यू एवं कानूनगो एसोसिएशन के प्रधान रामफल ने कहा कि हड़ताल के कारण लोगों के काम रुक गए थे, जिससे उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ी है। इसके लिए पटवारियों व एसोसिएशन को खेद है। हड़ताल लोगों के काम शीघ्र व सुविधाजनक तरीके से निपटाने के लिए की गई थी। अब पटवारी व कानूनगो लौट आए हैं और काम शुरू कर दिया है। नए काम के साथ पटवारी अतिरिक्त समय देकर लंबित कार्य भी पूरा करेंगे। इसके लिए दो से तीन दिन का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। जल्द ही सभी लंबित कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
हड़ताल के बाद काम करवाने पहुंचे लोग व सीट पर मौजूद पटवारी। संवाद