जगाधरी। बस स्टैंड जगाधरी में पूछताछ केंद्र का नंबर ठप होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लोग घर बैठे बसों के आने जाने का समय पता नहीं कर पा रहे हैं। दूसरी ओर यमुनानगर बस स्टैंड पर पूछताछ केंद्र का नंबर है, पर वहां जगाधरी बस स्टैंड पर आने-जाने वाली बसों का सही समय पता नहीं लग पाता है।
यमुनानगर बस स्टैंड से अंबाला, बिलासपुर, छछरौली की ओर जाने वाली रोडवेज बसें जगाधरी बस स्टैंड से होकर निकलती हैं। यमुनानगर से जगाधरी बस स्टैंड की दूरी करीब पांच किलोमीटर है। जहां पहले बसों का समय जानने के लिए पूछताछ केंद्र पर फोन नंबर था। स्टाफ की मानें तो यह नंबर काफी समय पहले बंद हो गया। तब से जगाधरी बस स्टैंड पर बसों के आने-जाने की जानकारी फोन पर नहीं मिल पाती। जगाधरी के ललित और गौरव ने बताया कि जगाधरी बस स्टैंड से किसी भी जगह बस से जाने के लिए पहले पूछताछ केंद्र के फोन नंबर पर पता कर लेते थे और बताए समय पर जगाधरी बस स्टैंड पहुंचते थे, लेकिन काफी समय से पूछताछ केंद्र का नंबर बंद है। मजबूरन बस स्टैंड पहुंचकर ही बस का समय पता करना पड़ता है जिसमें कई बार बस देरी से होने के चलते बस स्टैंड परिसर में इंतजार करना पड़ता है।