पानीपत। रेलवे की ओर से पानीपत-अंबाला पैसेंजर तीन महीने के लिए रद्द होने के चलते इस रूट पर आने-जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पानीपत-अंबाला पैसेंजर ट्रेन को रेलवे द्वारा तीन महीने के लिए रद्द किए जाने का सीधा असर रोजाना इस रूट पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों पर पड़ेगा। सुबह रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को तब बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा जब बिना जानकारी के वे ट्रेन पकड़ने स्टेशन पहुंचे लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि ट्रेन अगले तीन माह तक रद्द कर दी गई है। अचानक ट्रेन रद्द होने की खबर से यात्री मायूस होकर लौटे और गंतव्य तक पहुंचने के लिए उन्हें बस और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा।
अंबाला जाने वाली प्रीति ने बताया कि वह रोज नौकरी के लिए पानीपत से अंबाला जाती हैं। हर रोज की तरह समय पर स्टेशन पहुंच गई लेकिन यहां आकर पता चला कि ट्रेन तीन महीने के लिए रद्द है। उधर, रेलवे स्टेशन अधीक्षक रमेश चंद्र का कहना है कि आगामी दिनों कोहरे और यात्रियों की सुरक्षा के लिए अस्थायी रूप से ट्रेन को रद्द किया गया है।