दंपति के बीच हुए विवाद को लेकर महिला थाना में हुई पंचायत के बाद युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे उसकी मौत हो गई। वीरवार सुबह युवक का शव उसके कमरे में पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि पंचायत में भी दोनों पक्षों के बीच काफी तनातनी हुई थी, इस दौरान उसे अपशब्द भी कहे गए। इससे वह आहत हो गया। इसी वजह से उसने जहर खाया। वहीं युवक की मौत के मामले में उसके परिजन और ससुराल पक्ष के लोग एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले में 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
गांव उधमगढ़ में निवासी 24 वर्षीय सुरजीत की बीते जनवरी माह में टेही हसनपुर निवासी युवती से शादी हुई थी। शादी के बाद उसका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने पर उसकी पत्नी ने शिकायत महिला थाने में दी हुई थी। बुधवार को महिला थाना के वुमैन सैल में दोनों पक्षों को बुलाया गया था। पंचायत में दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बन सकी। बताया जा रहा है कि पंचायत में भी दोनों पक्षों के बीच काफी तनातनी हुई थी, जिसमें उसे अपशब्द भी कहे गए। जिससे वह आहत हो गया। इसी के चलते उसने जहरीला पदार्थ खाया। वीरवार की सुबह कमरे में उसका शव पड़ा मिला। हालत देखकर यही अंदेशा लगाया जा रहा है कि जहरीला पदार्थ खाने से उसकी मौत हुई है।
मृतक के कुछ परिजनों पर जहर देने का आरोप
उधर, मृतक के ससुराल पक्ष के लोगों का आरोप है कि सर्वजीत की मौत की सूचना पर वे जब उद्यमगढ़ पहुंचे तो वह मृत हालत में पड़ा हुआ था। उनका आरोप है कि जमीन के लालच में उसके कुछ परिजनों पर नशे में कुछ मिलाकर खिलाया। जिससे उसकी मौत हुई। उन्होंने ही कंट्रोल रूम में फोन किया और थाने में पहुंच कर इसकी जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया।
थाना छप्पर प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।