पंचायत समिति बिलासपुर के सदस्यों के चुनाव के लिए एसडीएम बिलासपुर गिरीश कुमार को रिटर्निंग व तहसीलदार बिलासपुर सुरेश कुमार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार पंचायत समिति साढौरा के सदस्यों के चुनाव के लिए हरियाणा रोडवेज यमुनानगर के महाप्रबंधक अश्वनी कुमार को रिटर्निंग अधिकारी व नायब तहसीलदार छछरौली अनिल कुमार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. एसएस फुलिया ने बताया कि बिलासपुर व साढौरा विकास खंड में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव दूसरे चरण में 17 जनवरी को होंगे। बिलासपुर पंचायत समिति के चुनावों के लिए नामाकंन पंचायत समिति कार्यालय बिलासपुर में व साढौरा पंचायत समिति के चुनाव के लिए नामाकंन पंचायत समिति कार्यालय साढौरा में दाखिल किए जा सकेंगे। इसी प्रकार सरपंचों व पंचों के चुनाव के लिए नामाकंन प्रक्रिया पूरी करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को ग्राम पंचायत अनुसार रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरपंचों व पंचों के चुनावों के लिए नामाकंन पत्र संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर जमा कराए जा सकते हैं। दूसरे चरण के पंचायती राज चुनावों के लिए नामाकंन पत्र 30 दिसंबर से चार जनवरी तक सुबह दस से शाम तीन बजे तक संबंधित स्थानों पर जमा किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नामाकंन पत्रों की जांच पांच जनवरी को होगी तथा सात जनवरी को शाम तीन बजे तक नामाकंन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। इसी दिन शाम तीन बजे के बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आबंटित कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण का मतदान 17 जनवरी को सुबह 7:30 से शाम चार बजे तक होगा। सरपंचों व पंचों के मतों की गणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मौके पर ही होगी।
बिलासपुर पंचायत समिति के सदस्यों के चुनाव की मतगणना सामुदायिक केंद्र बिलासपुर में तथा साढौरा पंचायत समिति के सदस्यों के चुनाव की मतगणना डीएवी पब्लिक स्कूल साढ़ौरा में 28 जनवरी को सुबह आठ बजे से होगी।