फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: स्टोर में धूल फांक रही पंचायतों की फॉगिंग मशीनें

Sat, 07 Sep 2024 06:28 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
यमुनानगर। प्रदेश के कई जिलों में डेंगू ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। जिले में भी डेंगू के अब तक सात केस मिल चुके हैं। इसके बावजूद ग्राम पंचायतों की ओर से खरीदी गई फॉगिंग मशीनें स्टोर से बाहर नहीं निकल पाई है। अभी तक कुछ ही गांवों में एक बार फॉगिंग हो पाई है। जबकि इस बार डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने कई माह पहले ही निर्देश दे दिए थे कि बीमारी फैलने से पहले ही सभी गांवों में कम से कम एक बार फॉगिंग जरूर हो जाए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शायद गांवों के सरपंचों व अधिकारी इस बात का इंतजार कर रहे हैं कब डेंगू पूरी तरह से पांव पसार ले। जब केस बहुत ज्यादा मिलने लगेंगे तो सभी के हाथ पांव फूल जाएंगे। फिर सारी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग के सिर मढ़ दी जाएगी।
विज्ञापन

पिछले कुछ दिनों से रूक-रूक कर बारिश हो रही है। बारिश का पानी खाली प्लाॅटों, घरों व दुकानों की छतों पर रखे बर्तनों व कबाड़ में जमा हो जाता है। जिसमें डेंगू व मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों का लारवा पनपने लगता है। अब धीरे-धीरे डेंगू व मलेरिया के मरीजों में बढ़ोतरी होनी शुरू हो जाएगी। जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी हुई है। डीसी के साथ-साथ जिला मलेरिया अधिकारी ने भी बहुत पहले सभी बीडीपीओ को फॉगिंग कराने के लिए पत्र लिखा था, परंतु अभी तक सभी गांवों में फॉगिंग नहीं हो पाई है। जहां पर कोई केस मिलता है वहां फॉगिंग करवा दी जाती है। इसके बाद फॉगिंग की फोटो खींच कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है ताकि वह यह दिखा सकेंगे उनके गांवों में फॉगिंग का कार्य जोरों से चल रहा है। कई सरपंच तो एक ही फोटो को अलग-अलग एंगल से विभिन्न दिनों में शेयर कर रहे हैं ताकि यह जाहिर हो सके कि फाॅगिंग कार्य लगातार जारी है। जिले में कुल 439 फॉगिंग मशीनें हैं। इनमें से 14 मशीन नगर निगम यमुनानगर व दो मशीन जिला मलेरिया विभाग के पास हैं। बाकी मशीन ग्राम पंचायतों के पास हैं। बताया जा रहा है कि कुछ मशीनें तो खराब भी हैं, जिन्हें अभी तक ठीक नहीं कराया गया।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुशीला सैनी ने बताया ग्रामीण क्षेत्र में फॉगिंग कराने की जिम्मेदारी डीडीपीओ व बीडीपीओ को दी गई है। पंचायतें अपने स्तर पर भी दवा खरीद सकते हैं और स्वास्थ्य विभाग भी दवाई दे रहा है। कुछ पंचायतों ने फॉगिंग शुरू करवा दी है। जिन पंचायतों में फॉगिंग के लिए मशीन नहीं है वहां खरीदने के लिए बजट आया था। यह मशीनें डीडीपीओ को खरीदवानी थी।
विज्ञापन


फॉगिंग शुरू करवा दी है: नरेंद्र सिंह
डीडीपीओ नरेंद्र सिंह का कहना है कि पंचायतों ने फॉगिंग कराने का कार्य शुरू कर दिया है। पंचायतें अपने स्तर पर मार्केट से फॉगिंग के लिए दवा खरीद सकते हैं। पंचायत विभाग द्वारा कोई नई मशीन नहीं खरीदी गई है।
जिले में डेंगू के दो नए केस मिले
साढौरा। जिले में शुक्रवार को डेंगू के दो नए केस मिले हैं। यह दोनों केस खंड साढौरा में मिले हैं। इनमें साढौरा की 30 वर्षीय महिला सीमा व दूसरी महिला कंडइवाला गांव निवासी 53 वर्षीय सादिका है। जांच में पता चला है कि दोनों को कुछ दिनों से बुखार हो रहा था। वह डॉक्टर के पास दवाई लेने पहुंची तो उनमें डेंगू के लक्षण दिखे। जिसके बाद दोनों के रक्त के नमूने लिए गए। जिला नागरिक अस्पताल की लैब में इनकी जांच की गई तो दोनों डेंगू पॉजिटिव आई। इसी के साथ ही जिले में डेंगू के केस की संख्या सात हो गई है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुशीला सैनी का कहना है कि दोनों महिलाओं की हालत स्थिर है। उनके परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लिए गए हैं। साथ ही उनके व आसपास के घरों में फॉगिंग भी करवाई गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें