संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहीदी दिवस सोमवार को जिले में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कांग्रेस के जिला शहरी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
जिला ग्रामीण अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर और जिला शहरी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी कुर्बानी की बदौलत ही आज हम आजाद माहौल में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा शहीदों का सम्मान किया है और उनकी शहादत को लेकर कभी राजनीति नहीं की।
गुर्जर ने कहा कि आज जरूरत है कि हम शहीदों के दिखाए रास्ते पर चलते हुए देश की तरक्की और समाज की भलाई के लिए कार्य करें। वहीं, देवेंद्र सिंह ने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने युवा अवस्था में ही देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए और अंग्रेजी हुकूमत से जरा भी नहीं डरे।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने देश और समाज की उन्नति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला महासचिव कांग्रेस यमुनानगर मोहन जयरामपुर, निर्मला चौहान, रविंद्र बबलू, मोनिका डूमरा, मिथलेश चौधरी, टीपी सिंह आदि मौजूद रहे।