संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। सोम नदी के पुल पर से रोजाना गुजर रही गन्ने से भरी ओवर रोड ट्राली दूसरे वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। ऐसे में दूसरे वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गन्ने से ओवर लोड ये ट्रालियाें की चौड़ाई इतनी ज्यादा हैं कि गन्ने के ट्राले पुल के बीच में फंस जाने से आवाजाही पूरी तरह बंद हो जाती है।
राहगीर रमेश, सचिन, प्रमोद, अजय, रामपाल ने बताया कि आए दिन सोम नदी के पुल पर गन्ने से ओवरलोड ट्रालियाें की वजह से जाम लगता हैं। जिससे आवाजाही पूरी तरह बंद हो जाती है। राहगीरों का कहना है कि प्रशासन को इन ट्रालियों पर अंकुश लगाना चाहि। प्रमोद व सचिन ने बताया कि इसके अलावा भी यह ट्रालियां कई बार सड़क के बीच में पलट जाती हैं इससे और भी स्थिति विकट हो जाती है। जिससे सड़क पूरी तरह से अवरुद्ध हो जाती है।
आमजन को हो रही परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रालियों में अधिक लोड जा सके इसलिए चालकों ने इन ट्रालियों की चौड़ाई को बढ़ाया हुआ है। वह अपने पैसे के लालच में जनता की परेशानी की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनका कहना है कि अगर गन्ने की लदाई ट्राली की बॉडी के अंदर की जाए तो इस तरह की जाम की परेशानी नहीं होती। लोगों की मांग है गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रालियों पर दिन के समय पाबंदी लगनी चाहिए और उनके लिए रात का समय निर्धारित किया जाना चाहिए।