सरस्वती नगर के सीएचसी में मच्छर जनित बीमारियों को लेकर बैठक लेते निदेशक डॉ. जेएस पुनिया।
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। मच्छर जनित बीमारियों व स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा के लिएर शुक्रवार को निदेशक (स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. जसवंत सिंह पुनिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बैठक ली। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुशीला सैनी के अलावा सभी सीएचसी, पीएचसी के एसएमओ व एमओ ने हिस्सा लिया। निदेशक ने सभी डाक्टरों को डेंगू व मलेरिया के खिलाफ अभियान को तेज करने के निर्देश दिए।
निदेशक डॉ. पुनिया ने कहा कि इस समय यमुनानगर में डेंगू कंट्रोल में है। ज्यादा केस न हो इसके लिए सभी को अलर्ट रहना होगा। थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। डेंगू से बचाव के लिए लोगों का उपचार करने के अलावा उन्हें जागरूक करने की भी जरूरत है। डेंगू का केस को मिलता है तो उसके उपचार में बिल्कुल भी कोताही न बरती जाए।
उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि ज्यादा से ज्यादा गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी सिविल अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी व डिलीवरी हट में होनी चाहिए। गर्भवती महिलाओं को सिविल अस्पताल में सभी प्रकार की सुविधाएं दी जा रही हैं। निदेशक ने धीमी गति से चल रहे कोविड टीकाकरण पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने कहा कि जल्द ही शेड्यूल बनाकर टीकाकरण अभियान को तेज किया जाएगा। स्कूलों में जाकर भी पात्र बच्चों को वैक्सीन लगाई जाएगी। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुशीला सैनी ने निदेशक को बताया कि जिला में मलेरिया का केवल एक केस आया था जो अब ठीक हो चुका है। डेंगू की स्थिति भी नियंत्रण में है। जिन जगहों पर डेंगू के केस मिल रहे हैं वहां पर फॉगिंग कराई जा रही है। विभाग के कर्मचारी लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं।