फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: स्कूलों के बाहर न जेब्रा क्रॉसिंग, न चेतावनी बोर्ड और न ही स्पीड ब्रेकर

Thu, 26 Nov 2026 02:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
जगाधरी में बिना स्कूल के चेतावनी बोर्ड वाले मटका चौक से छुट्टी के बाद गुजरते बच्चे व लोग। संवाद - फोटो : Archive
विज्ञापन
जगाधरी। सर्दियों के साथ ही कोहरे ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। वहीं जिले में स्कूलों के बाहर विद्यार्थियों की सुरक्षा के इंतजाम अब भी नदारद हैं। कहीं जेब्रा क्रॉसिंग नहीं है तो कहीं आगे स्कूल है का चेतावनी बोर्ड तक नहीं लगा है। स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और बच्चों के लिए सुरक्षित पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट की व्यवस्था भी नहीं है। ऐसे में सुबह स्कूल जाते और दोपहर छुट्टी के बाद घर लौटते विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। हैरानी यह है कि स्कूलों के बाहर बच्चों की आवाजाही के बावजूद न तो यातायात व्यवस्था दुरुस्त की गई है और न ही संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती दिखाई देती है।
विज्ञापन

शहर में कई प्रमुख सड़कों के किनारे स्कूल और शिक्षण संस्थान स्थित हैं। सुबह और दोपहर यहां विद्यार्थियों, अभिभावकों के निजी वाहनों, स्कूल बसों, वैन और ऑटो का दबाव बढ़ जाता है। छुट्टी के समय अभिभावक सड़क किनारे ही वाहन खड़े कर बच्चों का इंतजार करते हैं। इससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है। दूसरी ओर तेज रफ्तार से गुजरते वाहनों के बीच बच्चों को सड़क पार करनी पड़ती है। कोहरे में दृश्यता कम होने से यह स्थिति और खतरनाक हो सकती है।
इन सड़कों पर स्कूल, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नदारद
दिल्ली रोड पर नेशनल पब्लिक स्कूल, पुराना नेशनल हाईवे पर विश्वकर्मा चौक नाले के पास नव ज्योति विद्या मंदिर, चांदपुर में शंकर शिव देवी भल्ला स्कूल, संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल और गोबिंदपुरी राजकीय उच्च विद्यालय स्थित हैं। अंबाला रोड पर भगवान परशुराम स्कूल, भटौली राजकीय विद्यालय और दिल्ली पब्लिक स्कूल हैं। रेलवे स्टेशन के पास राजकीय प्राथमिक पाठशाला और पुरानी सब्जी मंडी में कन्या विद्यालय है। इसी तरह जगाधरी वर्कशॉप रोड पर स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल और स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जगाधरी रोड पर थॉपर स्कूल व डीएवी स्कूल और जगाधरी-पांवटा नेशनल हाईवे पर सरस्वती विद्या मंदिर शिक्षण संस्थान के तीन स्कूल व महाराजा अग्रसेन कॉलेज स्थित हैं। बूड़िया रोड पर इंडियन पब्लिक स्कूल और दयाल सिंह पब्लिक स्कूल हैं। जगाधरी बस स्टैंड से महाराजा अग्रसेन चौक रोड पर हिंदू गर्ल्स स्कूल और हिंदू गर्ल्स कॉलेज तथा मटका चौक के समीप छोटी लाइन पर एसडी पब्लिक स्कूल, एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एसडी मॉडल स्कूल और एसडी प्रबंधन एवं तकनीकी संस्थान हैं। इन मार्गों पर विद्यार्थियों की आवाजाही के बावजूद सुरक्षित सड़क पार करने के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
विज्ञापन


न मार्किंग, न रफ्तार पर लगाम:
सड़क किनारे सफेद-पीली पट्टियां, स्कूल जोन के संकेतक, चमकदार रिफ्लेक्टर और स्पीड ब्रेकरों पर चमकीले पेंट जैसे जरूरी उपाय भी नजर नहीं आते। सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत बसों और वैन में रिफ्लेक्टिव टेप, जीपीएस और अटेंडेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करना भी जरूरी है। इसके बावजूद स्कूलों के बाहर यातायात प्रबंधन को लेकर गंभीरता दिखाई नहीं दे रही। प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और यातायात पुलिस की ओर से समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कोहरे के मौसम में छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसके अलावा शहर के चौराहों पर भी बच्चों के लिए सड़क पार करने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग तक नहीं है। संवाद

वर्जन
जिले की सभी सड़कों पर सुरक्षा के प्रबंध करने के लिए अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं। स्कूलों व शिक्षण संस्थानों के बाहर सड़कों पर प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि स्कूलों के बाहर व्यवस्था नहीं है तो इसकी जांच करवाई जाएगी। तुरंत प्रबंध करवाए जाएंगे।
हैरतजीत कौर, जिला परिवहन अधिकारी।

जगाधरी में बिना स्कूल के चेतावनी बोर्ड वाले मटका चौक से छुट्टी के बाद गुजरते बच्चे व लोग। संवाद- फोटो : Archive

जगाधरी में बिना स्कूल के चेतावनी बोर्ड वाले मटका चौक से छुट्टी के बाद गुजरते बच्चे व लोग। संवाद- फोटो : Archive

जगाधरी में बिना स्कूल के चेतावनी बोर्ड वाले मटका चौक से छुट्टी के बाद गुजरते बच्चे व लोग। संवाद- फोटो : Archive

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें