यमुनानगर। ईएसआई अस्पताल के एमओ और एएमओ पर कार पार्किंग को लेकर शुक्रवार दोपहर कुछ युवकों ने अस्पताल में घुसकर हमला कर दिया। घटना के समय एमओ और एएमओ ऑपरेशन थियेटर में बैठे हुए थे। आरोप अस्पताल में कार्यरत एक स्टाफ नर्स के बेटे और उसके साथियों पर है। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट की घटना अस्पताल में लगे सीसी कैमरों में कैद हुई है। अधिकारी डॉक्टरों का आरोप है कि गुरुवार अलसुबह आरोपी ने उनके क्वार्टर पर उन पर पत्थरबाजी की थी। अब अस्पताल में ही घुसकर हमला कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी।
ईएसआई अस्पताल के एमओ (चिकित्सा अधिकारी) डॉ. सुभाष जागलान और एएमओ (आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी) डॉ. अमित चौहान ने बताया कि वे अस्पताल में ही बने क्वार्टरों में रहते हैं। उनके क्वार्टर के नजदीक अस्पताल में कार्यरत एक स्टाफ नर्स का भी क्वार्टर है, जहां वह अपने परिवार के साथ रहती है। बुधवार शाम को उसके बेटे ने कार की पार्किंग को लेकर उनसे बहस की। उस समय आस पड़ोस के लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कर दिया। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे वे अन्य डॉक्टरों और स्टाफ सदस्यों के साथ ऑपरेशन थियेटर में बैठे हुए थे। इस दौरान अस्पताल में कार्यरत स्टाफ नर्स उनके पास आई और उन्हें अस्पताल के बाहर आने को कहा। इसी दौरान स्टाफ का एक कर्मी भी वहां पहुंचा। उसने उन्हें बताया कि अस्पताल के बाहर करीब 15 युवक डंडों और अन्य हथियारों से लेस खड़े हैं और युवक उन दोनों डॉक्टरों को पूछ रहे है, वे बाहर न जाएं। जिसके बाद वह वहीं बैठे रहे। कुछ देर के बाद नर्स का बेटा कुछ युवकों के साथ ऑपरेशन थियेटर में घुस आया और उनसे मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनसे अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया। जब अन्य स्टाफ सदस्य मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर थाना शहर जगाधरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पीड़ित एमओ और एएमओ ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अलसुबह की थी पत्थरबाजी
एएमओ (आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी) डा. अमित चौहान ने बताया कि गुरुवार अलसुबह वह अपने क्वार्टर पर सोया हुआ था। इस दौरान स्टाफ नर्स के बेटे ने उसके क्वार्टर के दरवाजे पर डंडे मारने शुरू कर दिए। वह उठ कर जब बाहर आने लगा तो आरोपी ने उस पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। वह दरवाजा बंद कर क्वार्टर के अंदर की चला गया। लेकिन आरोपी उसके बाद भी उनके क्वार्टर पर ईंटें मारता रहा।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए आरोपी
ईएसआई अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर में डॉक्टरों से हुई मारपीट की घटना थियेटर में कैमरा लगा न होने के कारण सीसीटीवी फुटेज में नहीं आई, लेकिन मारपीट के बाद अस्पताल से भागते हुए आरोपियों की फुटेज सीसीटीवी में आई है। जिसमें नर्स का बेटा और अन्य अस्पताल से भागते हुए बाहर आते दिखाई दे रहे हैं, जबकि डॉक्टर उनके पीछे भाग रहे हैं। यह घटना दोपहर 1.10 बजे की है।
मरीजों को हुई परेशानी
अस्पताल में हुए झगड़े के दौरान खूब शोर-शराबा हुआ। इससे अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीज और परिजन शोर सुनकर ऑपरेशन थियेटर के बाहर जमा हो गए, कुछ लोगों ने बीच बचाव करने का प्रयास किया।
ईएसआई अस्पताल में डॉक्टरों से मारपीट की सूचना पर पुलिस कर्मियों को अस्पताल भेजा गया था। डॉक्टरों ने स्टाफ नर्स के बेटे और कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ शिकायत दी है। दोनों पक्षों को चौंकी बुलाया हुआ है। बातचीत कर मामले को सुलझाने की प्राथमिकता रहेगी। मामला न सुलझने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- एएसआई जनकराज, इंचार्ज, अर्जुन नगर चौकी, जगाधरी।