बिलासपुर। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेले में लगाई गई डिस्पेंसरी व बेस मेला अस्पताल में पांच दिनों में करीब 12 हजार श्रद्धालुओं की ओपीडी हुई। जिनमें स्वास्थ्य विभाग की तरफ से निशुल्क दवाइयां दी गईं। इनमें से कुछ आम बीमारी खांसी, बुखार, नजला, जुकाम, पेट दर्द व चक्कर आने के मरीज थे। करीब 100 श्रद्धालुओं को गंभीर अवस्था में बेस अस्पताल पहुंचाया गया जिनमें बीपी, डायरिया, अस्थमा अटैक, हार्ट प्रॉब्लम, तेज बुखार के मरीज आए। एसएमओ डाॅ. शमा परवीन ने बताया कि अधिकतर को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई । करीब 12 मरीजों को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
साढ़े 750 से अधिक श्रद्धालुओं की कटी जेब :
मेले में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद मनचलों व जेब कतरे सक्रिय रहे। मेला थाना में 750 से अधिक लोगों ने अपने पर्स चोरी होने, जेब कटने, सामान चोरी होने की शिकायतें दीं। वहीं ऋणमोचन किनारे स्नान कर रहे जालंधर के श्रद्धालु अमरीक सिंह, जगतार कौर व जोगिंद्र कौर ने बताया कि वे सामान सरोवर किनारे रख स्नान करने चले गए। परिवार का एक सदस्य सामान की रखवाली पर था फिर भी अंधेरे का फायदा उठा कर चोर उनके दो बैग उठा ले गए। जिनमें उनका आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, नकदी व अन्य जरूरी कागजात व कपड़े थे। अलसुबह ही एक दिन पहले तक मुस्तैद बनी रही पुलिस नाकों से नदारद हो गई। जाम में फंसे वाहन दोपहर दो बजे के बाद ही निकल पाए। जाम में फंसीं महिलाएं व बच्चे भोजन पानी के लिए तरसते नजर आए।