एचसीएस की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर पेपर देने के आरोपी का केस से नाम निकलवाने की एवज में एक व्यक्ति ने कैथल के साकरा निवासी कर्ण सिंह से एक लाख रुपये ठग लिए। यह रुपये सीआईए स्टाफ को रिश्वत देने के नाम पर लिए गए थे। रुपये ठगने का आरोप धौला कुआं नरवाना निवासी विशाल शर्मा पर लगा है। शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैथल के गांव साकरा निवासी कर्ण सिंह ने थाना शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 मई की दोपहर किसी ने उसे सूचना दी थी कि उसके जीजा कैथल के गांव बामनीवाला निवासी सुनील को सीआईए वन यमुनानगर अपने साथ लेकर गई है। तब उसने अपने एक जानकार के माध्यम से जींद के धौला कुआं नरवाना निवासी विशाल शर्मा से संपर्क किया।
विशाल ने उसे एक बार कहा था कि यदि पुलिस विभाग से संबंधित कोई काम हो तो उससे संपर्क करना, क्योंकि उसका भाई सीआईए में तैनात है। जीजा के पकड़े जाने पर उसने विशाल से संपर्क किया। इसके बाद वह विशाल के साथ सीआईए वन कार्यालय पहुंचा। विशाल ने उसे बताया कि उसके जीजा को एचसीएस की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर पेपर देने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उसके जीजा का नाम केस से निकालने के लिए सीआईए स्टाफ को एक लाख रुपये देने होंगे।
आरोपी ने उसे एक बैंक खाता नंबर देते हुए उसमें तुरंत एक लाख रुपये डालने को कहा। उसने रुपयों का इंतजाम करके सीआईए थाने के बाहर खड़े होकर आरोपी के बैंक खाते में डलवा दिए। साथ ही उसका स्क्रीन शॉट आरोपी को व्हाट्सएप किया। अगले दिन आरोपी ने उसे एक रिकॉर्डिंग भेजी और कहा कि यह रिकॉर्डिंग सुन लो, उसकी पुलिस विभाग के एक उच्च अधिकारी से बातचीत चल रही है। उसके पैसे सही जगह पहुंच गए है।
कुछ देर बाद उसे पता चला कि जीजा सुनील कुमार की सीआईए ने रिकॉर्ड में गिरफ्तारी डाल दी है। उसने तुरंत आरोपी से संपर्क किया। तब आरोपी ने उसे कहा कि उसकी उच्चाधिकारियों से बातचीत चल रही है। उसके जीजा का छोटा सा चालान किया है। इसमें साथ के साथ जमानत हो जाएगी।
इसके बाद आरोपी ने उसे डेढ़ लाख रुपये की और मांग की। उसने रुपये देने से मना कर दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसे झूठे केस में फंसवाने व जान से मारने की धमकी दी। उसने परेशान होकर इसकी शिकायत पुलिस को दी। शहर थाना पुलिस ने मामले में आरोपी विशाल शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।