खरखौदा/गन्नौर/गोहाना। यातायात नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर वाहन दौड़ाने से अक्सर हादसे होते हैं, जिससे लोगों की जान तक चली जाती है। कोहरे के दौरान ऐसी लापरवाही और भी भयावह हो जाती है। ऐसे में पुलिस की तरफ से अलग-अलग चार थानों में पांच वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए गए हैं। यातायात पुलिस की एक टीम एसआई धर्मपाल के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी पर गश्त के दौरान एक कैंटर अपनी लेन छोड़कर दाएं तरफ चलता दिखाई दिया। पुलिस ने कैंटर चालक को रुकवाया तो चालक ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव फैजपुर निनाना निवासी सुमित के रूप में दी। दूसरे मामले में इसी हाईवे पर पुलिस टीम ने एक अन्य कैंटर को गलत लेन में चलते हुए दिखाई देने पर रुकवा लिया। कैंटर चालक ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव मुराद निवासी मुनत्याज के रूप में दी। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं बड़ी थाना पुलिस ने गांव पीपली खेड़ा के पास गश्त के दौरान सड़क नियमों का उल्लंघन करते ट्रक चालक को पकड़ा। ट्रक चालक तेज गति और लापरवाही से प्रथम लेन में चलाते हुए पाया गया। टीम ने ट्रक का पीछा कर चालक को रोका। चालक ने अपनी पहचान बिहार के जमुई जिला के गांव पलशा निवासी आनंदी कुमार के रूप में दी। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इस दौरान पुलिस ने घटना की वीडियोग्राफी भी की।
दो वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा
यातायात पुलिस ने गांव मुंडलाना में चौकी के निकट जांच अभियान चलाया। पानीपत की तरफ से एक ट्रक लाइन चेंज करते हुए आया। पुलिस ने वाहन को रुकवाया तो चालक की पहचान गांव बिचपड़ी निवासी सुखपाल के रूप में हुई। मशीन से रिकार्ड की जांच की तो पहले इस वाहन का लाइन चेंज पर ही तीन बार चालान हो चुका था। चालक के खिलाफ सदर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया। दूसरी तरफ रोहतक-पानीपत नेशनल हाईवे पर पुलिस टीम गांव भैंसवान खुर्द में पुलिस चौकी के सामने मौजूद थी। रोहतक की तरफ से एक ट्रक चालक गलत लाइन में वाहन दौड़ाता हुआ आया। पुलिस ने ट्रक को रुकवा लिया और चालक से पूछताछ की। चालक की पहचान नूंह जिले के गांव गांव धंधुका के इरशाद के रूप में हुई। मशीन से रिकार्ड की जांच की गई तो पता चला कि वाहन का लाइन चेंज का पहले भी दो बार चालान हो चुका है। चालक के खिलाफ बरोदा थाना में मुकदमा दर्ज किया गया।