यमुनानगर। पुराना रादौर रोड मार्केट में किराना का सामान खरीदने पंचकूला से आए बलदेव सिंह की गाड़ी से डेढ़ लाख रुपये चोरी हो गए। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात पर शिकायत पर केस दर्ज किया।
पंचकूला के गांव खरौली निवासी बलदेव ने बताया कि वह अपनी पिकअप गाड़ी को किराये पर चलाता है। बरवाला में किराना दुकानदार उसे सामान लेकर आने के लिए पैसे दे देते हैं। वह पुराना रादौर रोड स्थित मार्केट से उनका सामान खरीदकर सप्लाई करता है। शनिवार को वह बरवाला निवासी सुरेश पाल का सामान लाने के लिए यहां आया था। उसके पास सामान खरीदने के लिए एक लाख 55 हजार रुपये थे।
उसने अपनी गाड़ी को अमृतलाल जैन परचून की दुकान के सामने खड़ी कर दी। पैसे गाड़ी में ही रखे थे और वह दुकान से सामान गाड़ी में लोड कराने लगा। सामान लोड कराने के बाद जब पैसे देने के लिए गाड़ी से लेने गया तो डैश बोर्ड में रखे रुपये गायब थे। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।